कोटा

शिमला 1.6 डिग्री, कोटा के इस इलाके का पारा 1.7 डिग्री

नए साल में राजस्थान में बढ़ेगी सर्दीमौसम विभाग की चेतावनी : तीन दिन कोटा संभाग में होगी बारिश

less than 1 minute read
Dec 30, 2020
शिमला 1.6 डिग्री, कोटा के इस इलाके का पारा 1.7 डिग्री

कोटा. नए साल की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कोटा संभाग में बिन मौसम बारिश हो सकती है। इससे सर्दी का असर और बढ़ेगा। मौसम विभाग ने हाड़ौती को यलो जोन में घोषित करते हुए एक जनवरी से तीन दिन तक बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के जयपुर, कोटा, भरतपुर व उदयपुर संभाग के जिलों में 1 से 3 जनवरी तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघगर्जन/वज्रपात के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है।

इससे पहले कोटा संभाग में दो दिन 30 व 31 दिसम्बर को शीतलहर की चेतावनी जारी की हुई है। इससे दिनभर शीतलहर का दौर चल रहा है। इससे मौसम में गलन बनी हुई है। सुबह-शाम हाड़कंपाने वाली सर्दी गिर रही है। अलाव ही लोगों के लिए सहारा बने हुए हैं।

लोग ऊनी कपड़ों में लदे नजर आ रहे हैं। हालांकि दिन में तेज धूप खिलने से राहत रही, लेकिन ठंडी हवा चलने से वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही। मौसम विभाग का नए साल में जश्न सावधानीपूर्वक मनाने की अपील की जा रही है। साथ ही, सर्दी के लम्बे समय तक सम्पर्क में रहने के कारण शीतदंश की आशंका व शीतलहर दलहनी फसलों और पशुओं को प्रभावित कर सकती है।

शिमला को टक्कर दे रहा स्टेशन

पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद पश्चिमी हिमालय से ठंडी हवाएं चलने से मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चल रही हैं। कोटा शहर के स्टेशन इलाके में बुधवार को पारा 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शिमला में 1.6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, यानी स्टेशन इलाके में शिमला जैसी सर्दी गिर रही है। नए कोटा में 4.4 डिग्री सेल्सियस पारा बना हुआ है। बूंदी में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

Published on:
30 Dec 2020 06:00 pm
Also Read
View All