
बारां. बारां जिले में एक पांच वर्षीय बच्चे ने गुब्बारे फोडऩे की बंदूकचला दी। बंदूक से निकले छर्रें मां को लग गए। इससे वह गंभीर घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर कोटा रैफर कर दिया है। हालांकि परिजनों ने रविवार रात तक पुलिस को रिपोर्ट नहीं दी। वहीं, परिजनों की ओर से घटना को लेकरपुलिस कार्रवाई से इंकार किया है।
कोतवाली प्रभारी राजेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि जिले के सुन्दलक गांव में कृष्ण मुरारी मीणा के घर पर करीब पांच वर्षीय लड़के ने खेलते समय एयरगनचला दी थी। इससे समीप ही मौजूद उसकी मां गिरिजा बाई मीणा (29) के कमर पर बांई ओर छर्रे लग गए।
घायल होने पर गिरिजाबाई को यहां जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया। बाद में उसे कोटा रैफर कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस सुंदलक गांव पहुंची, लेकिन वहां परिवार के लोग नहीं मिले। कोतवाली से कोटा पहुंचे सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ने बताया कि परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार किया है। परिजनों का कहना है कि बालक गुब्बारे फोडऩे की बन्दूक से खेल रहा था उसी समय उसकी मां के छर्रे लग गए।
घटना से मचा हड़कम्प
बच्चे की एयरगन से निकले छर्रें मां को लगने की सूचना से गांव में हड़कम्प मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी में जुटे रहे। ग्रामीणों को घटना का पता लगा तो सभी एक-दूसरे को बच्चों के हाथ में एयरगन जैसी वस्तुएं नहीं देने की नसीहत देने लगे।