लोगों ने बचाया, ससुराल पक्ष पर प्रताडि़त करने का आरोप
कोटा. बोरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी महिला टीना कुमावत ने बुधवार को अपने परिजनों को ससुराल पक्ष के लोगों की ओर से प्रताडि़त करने तथा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो भेजा। इसके बाद महिला आत्महत्या करने के इरादे से किशोर सागर तालाब में कूद गई।
हालांकि लोगों ने महिला को बचा लिया और एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के नीमच जिले के मनासा निवासी भाई तुशार कुमावत ने बताया कि उसकी बहन की शादी कोटा के बोरखेड़ा में हुई है। उसकी बहन से पति, जेठ व अन्य लोग मारपीट करते हैं और घर से बेदखल करना चाहते हैं।
तुशार ने बताया कि उसकी बहन ने बुधवार को ससुराल पक्ष की ओर से परेशान करने का वीडियो डालकर आत्महत्या करने जाने की बात कही। वीडियो में महिला अपने बच्चों का ध्यान रखने की बात कह रही है। तुशार ने बताया कि सुसराल पक्ष के लोगों की ओर से परेशान करने के संबंध में पूर्व में महिला थाने में शिकायत भी दी थी। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।