
चौमहला. झालावाड़. गंगधार थाना क्षेत्र के भाटखेड़ी गांव के समीप मंगलवार दोपहर लगभग 2 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, इससे 8 जने घायल हो गए, वहीं महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि भाटखेड़ी गांव में शादी का कार्यक्रम था, इसका सामान लेने के लिए परिवारजन चौमहला आए थे। वापस गांव भाटखेड़ी लौटते समय रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से चौमहला सीएचसी पहुंचाया। जहां महिला रेशम बाई पत्नी कालूसिंह (65) की मौत हो गई और चार गंभीर घायलों को झालावाड़ रैफर किया। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से मना कर दिया, इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंपा।
Read More: कुल्फी लेने घर से निकला मासूम को रोडवेज ने कुचला, कलेजे के टुकड़े को लहुलूहान देख चित्कार उठे मां-बाप
ये हुए घायल
गंभीर रूप से घायल बतूल बाई, कालू सिंह, प्रेम बाई व लाभू बाई को झालावाड़ रैफर कर दिया। बाकी घायल वीरेन्द्र सिंह व तीन बच्चे गुलाब कंवर, संजय सिंह व प्रभु सिंह का चौमहला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
Read More: बेटे की शादी के लिए बैंडबाजे की बुकिंग कर वोट देने निकला पिता को कार ने कुचला, मातम में बदली खुशियां
मची चीख-पुकार
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में पलटने पर कई लोग गंभीर घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसा इतना भयानक था कि एक महिला का मौके पर ही दम टूट गया। जिसको भी हादसे की सूचना लगी वो दौड़कर मौके पर पहुंच गया और घायलों की मदद में जुट गया।