कोटा

BIG News: नारी शक्ति का क्रोध रूप, दुकान में घुसकर शराब की बोतलें सड़क पर फेंकी, सेल्समैन को जमकर पीटा

झालावाड़ जिले के गोल्योखेड़ी गांव में शराब की दुकान हटाने की मांग कर रही महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। प्रशासन ने नहीं सुनी तो महिलाओं ने दुकान में घुसकर शराब की बोतलें सड़क पर फेंक सेल्समैन को जमकर पीटा।
2 min read
• •
Apr 09, 2019
women Protest Against Wine Shop
BIG News: नारी शक्ति का क्रोध रूप, दुकान में घुसकर शराब की बोतलें सड़क पर फेंकी, सेल्समैन को जमकर पीटा

खानपुर. झालावाड़. गोल्याखेड़ी गांव की बैरवा बस्ती में सोमवार को संचालित शराब की दुकान में महिलाएं और ग्रामीण एकराय होकर दुकान में घुस गए और करीब 2 लाख की शराब सड़क पर फेंक दी। यहां लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा शराब ठेके का विरोध कर पुलिस व प्रशासन से इसे हटाने की मांग की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से करीब दो दर्जन महिलाएं व आधा दर्जन से अधिक गांव के लोगों ने नाराज होकर शराब की दुकान में घुसकर शराब की पेटियां, बोतले, देशी व विदेशी मदिरा की बोतलों को दुकान के बाहर सड़क पर फेंक दिया। साथ ही दुकान के सेल्समैन बृजेश कुमार व हेल्पर रामावतार से भी मारपीट की।

सेल्समैन की सूचना पर खानपुर चौकी प्रभारी हनुमान सिंंह झाला ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर बोतलें फूटने से बन्द हुए आम रास्ते को खुलाया और दुकान पर ताला लगवाकर सेल्समैन को अपने साथ ले आए। इस संबंध में सेल्समैन द्वारा गांव की करीब 20 महिलाओं व आधा दर्जन पुरूषों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट, 65 हजार रुपए लूटने व 2 लाख की शराब सड़क पर फैंकने का मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी कमलचन्द मीणा ने बताया कि सेल्समैन की और से परिवाद दर्ज कर लिया है।

Read More: आखि‍र नारी शक्ति के आगे झुकी सरकार, हटाई देशी शराब की दुकान, अब अंग्रेजी के लिए संघर्ष जारी

असामाजिक तत्वों से परेशान थी महिलाएं
ग्रामीण शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर पिछले कई माह से विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों ने कलक्टर से लेकर आबकारी अधिकारी व उपखंड अधिकारी से लेकर पुलिस को कई बार लिखित में शिकायत दी। वार्ड पंच महेन्द्र कुमार, बजरंगलाल, राजेन्द्र सुमन व रामावतार ने बताया कि गत माह भी ग्रामीणों ने कलक्टर को ज्ञापन दिया था, इसमें गांव का माहौल खराब होने का जिक्र किया आए दिन शांतिभंग के अलावा असामाजिक तत्व महिलाओं व युवतियों पर फब्तियां कसते हैं। गाली-गलौज होने से बालकों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

Published on:
09 Apr 2019 08:30 am