
Anant Singh Daughter Shivangi Singh Tilak: मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह के तिलक के वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। 25 नवंबर को होने वाली शादी से पहले 20 नवंबर को तिलक की रस्म हुई। इसमें डिफेंडर के साथ ही चांदी के बर्तन, सोने-चांदी के चम्मच, फल-मिठाइयां और कपड़े जैसी कई चीजें चढ़ाई गईं। आइए जानते हैं तिलक में क्या-क्या चढ़ाया गया।
सोशल मीडिया पर इस समय तिलक में सोने-चांदी के बर्तन चढ़ाए जाने का दावा करते हुए कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में चांदी की ट्रे, 6 कप का सेट, थाली और गिलास दिख रहे हैं। इनके अलावा फोर्क, टी स्पून और स्पून सेट से भरा एक बॉक्स भी नजर आ रहा है।
तिलक से जुड़े एक दूसरे वायरल वीडियो में केले, सेब जैसे फलों के साथ मिठाइयां और दूसरी चीजें सजी हुई दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि तिलक में करीब 150 तरह के फल और मिठाइयां चढ़ाई गईं।
शादी से पहले अनंत सिंह के पटना वाले घर पर दो नई गाड़ियां पहुंची थीं, एक सफेद लैंड रोवर डिफेंडर और दूसरी बीएमडब्ल्यू। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डिफेंडर होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को तिलक में गिफ्ट किए जाने की बात कई दिनों से चल रही थी। कल फूलों से सजी डिफेंडर तिलक के सामान के साथ उस रिसॉर्ट पर पहुंची, जहां तिलक की रस्म हुई।
डिफेंडर और फलों के साथ ही तिलक कार्यक्रम के एक दूसरे वीडियो में दुल्हन के भाई दूल्हे को हार पहनाने के बाद एक थाली देते दिख रहे हैं, जिसमें फलों के साथ कपड़े और 500 रुपये के नोटों की गड्डी रखी है।
तिलक कराने वाले पंडित जी से दक्षिणा के बारे में पूछे जाने पर बताया जा रहा है कि उन्हें अलग से दक्षिणा की जरूरत नहीं है, जो सम्मान मिला है वही उनके लिए काफी है। लेकिन जैसे "छोटे सरकार" का नाम अनंत है, वैसे ही दक्षिणा भी अनंत मिली है।
तिलक में आए मेहमानों के लिए खाने का भी खास इंतजाम था। मिठाइयों में रसगुल्ला और गुलाब जामुन जैसी कई मिठाइयां होने के साथ ही चावल, पूड़ी और सलाद जैसी कई डिशेज भी शामिल थीं।