
Rainy Season Soup Recipes: बारिश का मौसम आते ही गर्मा-गरम चाय के साथ पकौड़े और समोसे जैसे स्नैक्स खाने का मन करने लगता है। ऐसे में अगर आप इस मानसून सीजन कुछ गर्मा-गरम, स्वादिष्ट लेकिन इनसे हटकर और थोड़ा हेल्दी खाना चाहते हैं, तो मशहूर शेफ रणवीर बरार, संज्योत कीर और भूपी द्वारा शेयर किए गए सूप ट्राई कर सकते हैं। आइए जानते हैं यूट्यूब पर शेयर की गई इन खास सूप रेसिपीज के बारे में।
शेफ रणवीर बरार ने अपने यूट्यूब चैनल पर वॉनटॉन सूप और फ्राइड वॉनटॉन की आसान रेसिपी शेयर की है। उन्होंने बताया कि इस डिश का असली स्वाद अच्छे स्टॉक से आता है, जिसे सब्जियों की ट्रिमिंग, धनिए की डंडी, मशरूम, गोभी, बीन्स और दूसरे इंग्रीडिएंट्स को धीरे-धीरे पकाकर तैयार किया जाता है। इसके बाद चिकन या वेज फिलिंग बनाकर उसे पतली वॉनटॉन शीट में भरा जाता है। इन वॉनटॉन को सूप में पकाया जा सकता है या फिर डीप फ्राई करके स्नैक की तरह सर्व किया जा सकता है। यह रेसिपी उन लोगों के लिए भी बढ़िया है जो बारिश में हल्का खाना चाहते हैं और उनके लिए भी जो कुछ क्रिस्पी और चटपटा खाने का मन रखते हैं।
शेफ संज्योत कीर ने अपने यूट्यूब चैनल पर रेस्टोरेंट स्टाइल इंडो-चाइनीज वेज हॉट एंड सॉर सूप की आसान रेसिपी शेयर की है। उन्होंने बताया कि इस सूप का स्वाद सही तरीके से कटी हुई सब्जियों और तेज आंच पर की गई कुकिंग में छिपा होता है। इसके लिए पत्ता गोभी, गाजर, शिमला मिर्च, फ्रेंच बीन्स, मशरूम और स्प्रिंग अनियन जैसी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है। फिर इसमें सोया सॉस, सिरका, हरी मिर्च का पेस्ट और दूसरे मसाले डालकर सूप तैयार किया जाता है। आखिर में कॉर्नफ्लोर स्लरी डालकर इसे हल्का गाढ़ा किया जाता है। बारिश के मौसम में यह इंडो-चाइनीज सूप रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देने के लिए एकदम परफेक्ट है।
शेफ भूपी ने अपने यूट्यूब चैनल पर लेमन कोरिएंडर सूप की आसान और स्वादिष्ट रेसिपी शेयर की है। उन्होंने बताया कि इस सूप का मुख्य फ्लेवर धनिए की पत्तियों, डंठल और जड़ों से आता है, जिन्हें बारीक काटकर इस्तेमाल किया जाता है। इसके साथ शिमला मिर्च, गाजर, बीन्स और पत्ता गोभी जैसी सब्जियों को हाई फ्लेम पर हल्का सॉटे किया जाता है ताकि उनका क्रंच बना रहे। फिर इसमें अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, काली मिर्च और सीजनिंग मिलाकर उबाला जाता है।
आखिर में नींबू का रस और ताजा हरा धनिया डालकर इसे सर्व किया जाता है। स्वाद और खुशबू से भरपूर यह सूप उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो कुछ नया, हल्का और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं।