
Signs Of Love: किसी को पसंद करते हैं या नहीं, यह बात हमेशा शब्दों में बताना जरूरी नहीं होता। इंसान का व्यवहार कई बार बिना कुछ कहे ही उसकी दिल की बात जाहिर कर देता है। किसी के आसपास रहने की कोशिश करना, छोटी छोटी बातों को याद रखना या उसकी बातों और प्रतिक्रियाओं पर खास ध्यान देना ऐसे ही कुछ संकेत होते हैं, जो किसी को पसंद करने की ओर इशारा कर सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि अगर कोई किसी को पसंद करता है तो उसके व्यवहार में कौन कौन सी बातें नजर आ सकती हैं।
जब कोई किसी को पसंद करता है तो वह उसके आसपास रहने के छोटे छोटे मौके तलाश सकता है। जैसे लंच के दौरान उसके ग्रुप में शामिल होना, उसके पास से गुजरने का बहाना बनाना या ऐसी जगह पहुंच जाना, जहां उसे पता हो कि वह भी मौजूद हो सकता है। इसके अलावा, कई बार वह बिना किसी खास जरूरत के भी छोटी सी बात पूछने या मदद लेने का बहाना बना सकता है। ऐसा वह बातचीत करने का मौका पाने या साथ में थोड़ा समय बिताने के लिए कर सकता है।
जब कोई व्यक्ति किसी को पसंद करता है तो वह उसकी मदद करने के मौके तलाश सकता है। छोटी सी जरूरत होने पर भी वह खुद आगे आकर मदद की पेशकश कर सकता है। जैसे किसी काम को आसान करना, किसी चीज की जानकारी देना या आपकी परेशानी सुनकर उसका हल बताने की कोशिश करना।
जिस व्यक्ति की आपमें खास दिलचस्पी होती है, वह आपके सामान्य व्यवहार में छोटे बदलाव भी जल्दी नोटिस कर सकता है। अगर आप चुप हैं, परेशान दिख रहे हैं या सामान्य से कम बात कर रहे हैं तो वह पूछ सकता है कि सब ठीक है या नहीं।
किसी को पसंद करने पर व्यक्ति कई बार आपकी पसंद और सुविधा का ध्यान रखने लगता है। जैसे आपकी पसंद की जगह पर जाने के लिए तैयार होना, आपके पसंदीदा विषय पर बात करना या आपके साथ समय बिताने के लिए अपनी योजना में बदलाव करना।
किसी को पसंद करने वाला व्यक्ति कई बार सीधे यह पूछने के बजाय घुमा फिराकर आपकी डेटिंग लाइफ के बारे में जानने की कोशिश कर सकता है। वह बातचीत के बीच रिलेशनशिप का जिक्र कर सकता है, आपसे पूछ सकता है कि आपको किस तरह के लोग पसंद हैं या किसी दूसरे व्यक्ति का नाम लेकर आपकी प्रतिक्रिया देख सकता है। कुछ लोग यह जानकारी सीधे आपसे पूछने के बजाय किसी म्यूचुअल फ्रेंड से भी लेने की कोशिश करते हैं। इसका मकसद यह जानना हो सकता है कि सामने वाला पहले से किसी रिलेशनशिप में है या किसी और को पसंद करता है।
आपने बातचीत के दौरान कभी कैजुअली बताया होगा कि आपको कौन सा स्नैक पसंद है या किसी खास दिन आपकी जरूरी मीटिंग है। हो सकता है आपको अपनी कही हुई बात याद भी न हो, लेकिन सामने वाला उसे याद रख सकता है।
किसी को पसंद करने पर सोशल मीडिया भी उसकी दिलचस्पी का एक जरिया बन सकता है। वह आपके पोस्ट और स्टोरीज देख सकता है, आपकी प्रोफाइल पर जा सकता है या आपकी पुरानी पोस्ट भी देख सकता है। इसके अलावा प्रोफाइल फोटो बदलने या कुछ नया पोस्ट करने जैसी छोटी चीजें भी उसकी नजर में आ सकती हैं।
डिस्क्लेमर: इस लेख में बताए गए संकेत केवल सामान्य जानकारी पर आधारित हैं। किसी के व्यवहार में ऐसे संकेत नजर आने का मतलब यह जरूरी नहीं है कि वह व्यक्ति आपको पसंद करता ही हो। हर व्यक्ति का व्यवहार उसकी परिस्थिति और व्यक्तित्व के अनुसार अलग हो सकता है।