नवम्बर में 9 और दिसम्बर में 19 दिन रहेंगे शुभ मुर्हूत। दीपावली के बाद खरीदारी के दौर में तेजी आएगी। इसको लेकर कारोबारी भी खासे उत्साहित हैं।
अजमेर. धनतेरस, दीपावली और गोवर्द्धन पूजन के बाद नवम्बर में देवऊठनी एकादशी से शादियों की धूम शुरू होगी। इस साल नवम्बर में 9 और दिसम्बर में 19 दिन शुभ मुर्हूत रहेंगे।
देवऊठनी एकादशी पर्व 12 नवम्बर को मनाया जाएगा। इस दिन तुलसी शालिग्राम के विवाह के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। पौराणिक मान्यतानुसार चार माह भगवान विष्णु योग निद्रा से जागेंगे। इस दौरान वर्जित रहे शुभ कार्यों की फिर से शुरुआत होगी।
बुकिंग और खरीदारी का दौर
नवम्बर में शादियों के चलते लोग होटल, धर्मशाला, मैरिज गार्डन, बैंड-बाजा, लाइट, घोड़ी की बुकिंग में जुटे हैं। बाजारों में सोने-चांदी के आभूषण, साडि़यां, लहंगा, चुनरी, बेस, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, वाहनों और अन्य की खरीदारी शुरू हो गई है। दीपावली के बाद खरीदारी के दौर में तेजी आएगी। इसको लेकर कारोबारी भी खासे उत्साहित हैं।
16 दिसम्बर से खरमास
इसी साल 16 दिसम्बर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करने से खरमास शुरू होंगे। 17 से 13 जनवरी तक शुभ कार्यों पर फिर रोक रहेगी। 14 जनवरी को सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने पर मकर संक्रांति पर्व होगा। इसी दिन से वैवाहिक कार्यक्रम और मुर्हूत की शुरुआत होगी।
यों रहेंगे विवाह मुर्हूत
नवम्बर-12 से 16,17,18,22 से 26 और 28
दिसम्बर-2,4,5,6 7, 11,12 ,14 और 15
शादी पक्की होने से लेकर रिसेप्शन तक यही चिंता रहती है कि कोई कमी न रह जाए। शादी को यादगार बनाने के लिए जरूरी है कि तैयारियों से जुड़े कामों को प्लानिंग का रूप दिया जाए ताकि ये समय से पूरे हो सकें। वो भी बिना किसी तनाव के। इसके लिए शादी की तारीख से करीब 5 माह पहले तैयारी शुरू करें। जानते हैं किस माह में कौन सी तैयारी प्लान करें ताकि हर रस्म यादगार बन सके।
तय करें आयोजन का बजट
दोनों पक्षों को शादी व इससे जुड़ी रस्मों जैसे तिलक, हल्दी, मेहंदी, संगीत व रिसेप्शन की तैयारी तय कर लेनी चाहिए। मेहमानों की सूची और रस्मों में कुछ नया तरीका अपनाना चाहते हैं तो चर्चा करें। कार्ड के अलावा मेहमानों को फोन से इंविटेशन देकर अधिक समय लगने वाले कामों को निपटाने चाहिए।
आउटफिट्स और खाने का मेन्यू
विवाह स्थल पर होने वाली सजावट, फ्लोरिस्ट और डेकोरेटर से बात करनी जरूरी है। रिश्तेदारों के ठहरने व खाने की व्यवस्था, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर, बैंड आदि की बुकिंग कराएं। वर-वधू के आउटफिट की सूची के अनुसार खरीदारी करें। विभिन्न रस्मों में खानपान का मैन्यू तय करने से आसानी होती है।
वैवाहिक निमंत्रण कार्ड
घर की मरम्मत और पुताई भी समय पर होनी चाहिए। इससे खरीदारी के बाद आने वाले सामान रखने में आसानी होगी। निमंत्रण पत्र का चयन कर प्रिंटिंग के लिए भेजें। एआई आधारित कार्ड है, तो उन्हें समय पर भेजें। उपहार खरीदारी जैसे कार्य भी समय रहते पूरे होने चाहिए। निमंत्रण पत्र प्रिंट होते ही तत्काल मेहमानों- रिश्तेदारों तक भेजें।
2 माह पहले : तैयारी को कंफर्म करें
शादी से जुड़े आयोजनों के लिए पानी, जनरेटर, सुरक्षा, लाइट का प्रबंध कर लें। विवाह से जुड़ी सामग्री की लिस्ट पंडिज जी से बनवा लें और आयोजन से पहले हर हाल में खरीद कर रख लें। मेहंदी वाली की बुकिंग कर लें। सारी शॉपिंग लिस्ट और रसीदों को संभालकर एक जगह रखें। मेहमानों के लिए अतिरिक्त मेज-कुर्सियां, चादर, गद्दे, क्रॉकरी आदि की व्यवस्था कर लें। मेहमानों की सूची चेक करें ताकि जो छूट गया हो उसे निमंत्रण भेजा जा सके।