दिल्ली में हुई दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों- अखिलेश यादव व मायातवी - के बीच बैठक में 37-37 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने पर डील पक्की हुई है.
लखनऊ. लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के बीच गठबंधन तय हो गया है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली में हुई दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों- अखिलेश यादव व मायातवी - के बीच बैठक में 37-37 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने पर डील पक्की हुई है तो वहीं अमेठी व रायबलेरी की सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी गई है। यह बैठक बसपा सुप्रीमो के दिल्ली के त्याग राज मार्ग स्थित आवास पर हुई। सूत्रों के अनुसार, अखिलेश मायावती से मिलकर शाम 8 बजे उनके आवास से निकले। बैठक के दौरान सपा और बसपा के अध्यक्ष के बीच गठबंधन पर मुहर लग गई है वहीं सीटों पर भी चर्चा पूरी हो गई।
यह भी होंगे महगठबंधन में शामिल-
सूत्रों के अनुसार, बसपा और सपा 37-37 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करेंगे। कहा जा रहा कि महागठबंधन में राष्ट्रीय लोक दल के लिए दो सीटें छोड़ी जाएगी जिसपर अजीत सिंह और जयंत चौधरी संभावित रुप से अपनी दावेदारी ठोकेंगे।वहीं दो सीटें महागठबंधन के अन्य दलों के लिए छोड़ी जाएंगी। बची 2 सीटों को पारंपरिक रूप से कांग्रेस के लिए छोड़ा जाएगा। कांग्रेस के लिए इस महागठबंधन में शामिल नहीं किया गया है। और हाल ही के विधानसभा चुनाव के बाद जो खटास कांग्रेस और सपा में आई है उससे ऐसी ही उम्मीद की जा रही थी।
1-1 और सीट पर सपा-बसपा जमा सकती है अपना हक-
सपा-बसपा द्वारा छोड़ी गई 2 सीटों पर यदि अन्य दल महागठबंधन में शामिल नहीं होते हैं तो ऐसी स्थिति में सपा और बसपा उनपर बराबरी से अपना हक जमा सकती है। वैसे यूपी सरकार के खिलाफ जंग छेड़ चुके सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को इसमें शामिल किया जा सकता है। वहीं शिवपाल यादव ने महागठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई है, तो उन्हें भी विकल्प के रूप में देखा जा सकता है।