लखनऊ

यूपी उपचुनाव: इंडिया गुट में दरार की अटकलों के बीच अखिलेश यादव की आई प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा ?

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन बरकरार रहेगा।
2 min read
Oct 10, 2024
Akhilesh Yadav amid speculations of rift in INDIA bloc ahead of By Election 2024 Says INDIA bloc intact in UP

उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इनमें से सपा ने बुधवार को छह सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। इसके बाद सपा और कांग्रेस के गठबंधन में दरार की अटकलों से सियासी बाजार गरमा गया। वहीं गुरुवार को कन्नौज के सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन बरकरार रहेगा। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस आगामी यूपी उपचुनावों में एक साथ लड़ेंगी।

अखिलेश यादव ने इटावा के सैफई में अपने पिता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में कांग्रेस से गठबंधन जारी रहने की सम्भावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "आज समय नहीं है इस पर चर्चा का। मगर जहां तक इंडिया गठबंधन का सवाल है तो मैं कहना चाहूंगा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन बरकरार रहेगा।"

सपा ने 6 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार मिली। इसके एक दिन बाद बुधवार को यूपी में उपचुनाव वाली 10 में से छह सीटों फूलपुर, मझवां, करहल, कटेहरी, मिल्कीपुर और सीसामऊ पर सपा ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। कांग्रेस इनमें से फूलपुर और मझवां सीटों पर दावेदारी कर रही थी। ऐसे में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर तरह- तरह की अटकलें लगायी जा रही थीं। सपा और कांग्रेस ने ‘इंडिया’ के तहत पिछला लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत हासिल की थी।

इन विधानसभा सीटों पर होना है उपचुनाव

हरियाणा चुनाव में कांग्रेस की हार के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा, "हरियाणा चुनाव पर चर्चा अभी करना ठीक नहीं है। जब हम मिलेंगे तो चर्चा होगी। उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों कटेहरी (अंबेडकर नगर), करहल (मैनपुरी), मिल्कीपुर (अयोध्या), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर नगर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) पर उपचुनाव होने हैं। हालांकि, उपचुनाव का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है।