
SP Chief Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि मुझे याद है कि जब धर्म कश्यप ने बीजेपी को छोड़ा था, तभी हम चाहते थे कि वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो जाएं… अगर ऐसा होता, तो बीजेपी उसी दिन चुनाव हार जाती। उन्हें बेईमानी और हेरफेर का सहारा लेना पड़ता है और अपना पूरा प्रशासन काम पर लगाना पड़ता है।
एमएलसी चुनाव को लेकर भी अखिलेश ने सरकार पर हमला बोला है। सपा प्रमुख ने कहा कि अभी जो चुनाव हो रहे हैं, उनमें मतपेटियों से ऐसे मतपत्र मिले हैं जिन्हें मोड़ा ही नहीं गया था। पूरी मतपेटी में बिना मुड़े हुए मतपत्र भरे पड़े थे। जरा सोचिए कि वे किस स्तर की साजिश रच रहे हैं।
अखिलेश ने आगे कहा कि वे एसआईआर के बहाने मतदाताओं के नाम सूची से हटा रहे थे, और अब एक नए तरह का संशोधन शुरू कर दिया है। चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है, और इस मोड़ पर धर्म कश्यप और उनके परिवार का हमारे साथ जुड़ना समाजवादी पार्टी में नई ऊर्जा भरेगा और हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे अभी पता चला है कि कांति सिंह के चुनाव में बूथ नंबर 97 पर ऐसे वोट मिले हैं, जिन्हें मोड़ा ही नहीं गया था। सोचिए, बीजेपी वोट की चोरी भी ईमानदारी से नहीं कर पा रही है। वे पकड़े गए हैं, क्योंकि बिना मोड़े वोट कैसे डाले जा सकते हैं? यहां बैठे सभी लोग यह बात जानते होंगे। मतदाताओं को साफ तौर पर बताया जाता है कि बैलेट पेपर को कैसे मोड़ना है, और जब उन्हें बैलेट पेपर दिया जाता है, तो वह पहले से ही मुड़ा हुआ होता है। इसके बाद वे उसे मोड़कर बैलेट बॉक्स में डालते हैं। लेकिन बॉक्स में ऐसे वोट मिले हैं जिन्हें मोड़ा ही नहीं गया था। सोचिए, वे तो शायद वोटों से भरा पूरा बॉक्स ही ले आए होंगे।