लखनऊ

ओवैसी के हर दांव से मुकाबले को मैदान में आजम, जानें सपा की खास रणनीति

Azam Khan vs Owaisi: जेल से बाहर आने के बाद आजम खां ने असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ओवैसी को तेलंगाना में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की चुनौती दी। वहीं, ओवैसी सपा पर मुस्लिमों को वोट बैंक बनाने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 11:06 AM IST
UP Election
आजम खान और असदुद्दीन ओवैसी (ANI Photo)

Uttar Pradesh Politics News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक चुनौती से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी लगातार सपा पर मुस्लिमों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने ओवैसी के यूपी में बढ़ते राजनीतिक दखल पर मोर्चा खोल दिया है। सपा की रणनीति में आजम खान की भूमिका अहम मानी जा रही है।

ओवैसी पहले अपने गृह राज्या में मुख्यमंत्री बनकर दिखाए

आजम खान ने ओवैसी की उत्तर प्रदेश में बढ़ती चुनावी महत्वाकांक्षाओं पर निशाना साधा। उन्होंने नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ ओवैसी के गठबंधन पर भी टिप्पणी की। आजम ने साफ कहा कि बाहरी लोगों को उत्तर प्रदेश की राजनीति में दखल नहीं देना चाहिए। उन्होंने ओवैसी को चुनौती देते हुए कहा कि पहले वह तेलंगाना में अपनी चार सीटों को पांच करके दिखाएं। इसके साथ ही उन्होंने ओवैसी से अपने गृह राज्य में किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाने की चुनौती भी दी।

हालांकि, तेलंगाना में एआईएमआईएम का चुनावी प्रदर्शन भी मजबूत रहा है। पार्टी आमतौर पर 8 से 9 सीटों पर चुनाव लड़ती है। 2023 के विधानसभा चुनाव में उसने 9 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 7 पर जीत मिली थी। इससे पहले 2018 में भी पार्टी ने 7 सीटें जीती थीं।

ओवैसी बोले, सपा ने मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक बनाया

दूसरी तरफ असदुद्दीन ओवैसी लगातार समाजवादी पार्टी की राजनीति पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि सपा ने मुसलमानों का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के तौर पर किया है। ओवैसी ने 'अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा' का नारा देते हुए मुस्लिमों के स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व की वकालत की है। ओवैसी का कहना है कि सपा सरकार के दौरान हुए कामों के लिए भी आजम खान को ही निशाना बनाया गया। इस पर आजम ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर ओवैसी को उनसे इतनी ही सहानुभूति थी तो वह उनके घर आकर हालचाल पूछ सकते थे।

आजम खान का कहना है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति का फैसला यहां का स्थानीय नेतृत्व करेगा, बाहरी नेताओं के हस्तक्षेप से नहीं। इससे पहले एक पॉडकास्ट में भी आजम ने ओवैसी पर निशाना साधते हुए उन्हें किसी के इशारे पर काम करने वाला बताया था।

हैदराबादी बिरयानी से लेकर वकालतनामे तक पर तंज

दोनों नेताओं के बीच विवाद अब राजनीतिक बयानों से आगे बढ़कर प्रतीकों के जरिए भी सामने आने लगा है। आजम खां ने अपने इलाके में खानपान का जिक्र करते हुए कहा था कि वहां हैदराबादी बिरयानी नहीं, बल्कि पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है। इसके जवाब में इटावा में एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम इलाकों में हैदराबादी बिरयानी बांटकर विरोध दर्ज कराया। इस तरह खाने के नाम पर भी दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक संदेश देने की कोशिश हुई।

आजम खान ने ओवैसी पर एक और तंज कसते हुए कहा कि वह अपने मुकदमों में बैरिस्टर साहब के एक वकालतनामे के लिए तरसते रहे। इस बयान के जरिए उन्होंने ओवैसी की कानूनी और राजनीतिक स्थिति पर निशाना साधा।

मुस्लिम वोटों की राजनीति में किसका पलड़ा भारी?

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए आजम और ओवैसी के बीच बढ़ती बयानबाजी को मुस्लिम वोटों पर पकड़ बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। सपा के लिए आजम खान मुस्लिम मतदाताओं के बीच एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। वहीं, ओवैसी मुस्लिमों के अलग राजनीतिक नेतृत्व की बात कर रहे हैं।

ऐसे में दोनों नेताओं के बीच यह टकराव आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है। सपा की रणनीति में आजम खान की भूमिका इसलिए भी अहम हो सकती है, क्योंकि ओवैसी यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।