अब किसान महाकुंभ के जरिए किसानों को लुभाएगी बीजेपी
लखनऊ. 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा किसानों की नाराजगी दूर करने में जुट गई है। किसानों को लुभाने में जुटी कांग्रेस व सपा के प्रयास के जवाब में भाजपा ने तैयारी कर ली है। बीजेपी द्वारा किसान महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की बैठक भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर हुई। जिसकी अध्यक्षता किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चैधरी राजा वर्मा ने की। बैठक में किसान मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
किसान मोर्चा किसान महाकुंभ का आयोजन करेगा जो 10 जनवरी से 10 फरवरी तक 9 हजार ग्राम पंचायतों में आयोजित होगा। प्रदेश के सभी जिलों में किसान महाकुंभ के आयोजन के साथ ही प्रत्येक जिले में 5,6,7 जनवरी को किसान मोर्चा कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण का काम करेगी। जिसमें प्रदेश एवं क्षेत्र के पदाधिकारी, जिले के किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेगें एवं केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के विषय में भी चर्चा होगी।
किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन गोरखपुर जिले में 21 व 22 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। जिसमें भारत वर्ष से किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित होगें। बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित हुए। बैठक का संचालन किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुधीर सिंह सिद्धू ने किया।
अन्य दल भी जुटे
2019 लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के खिलाफ रणनीति तैयार करने में जुटे विपक्षी दल अब गांव-गांव जाकर मौजूदा सरकार की नाकामियों को गिनाएंगे। इसको लेकर सपा, बसपा, कांग्रेस, आरएलडी व आम आदमी पार्टी ने रणनीति तैयार कर ली है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी आगामी 7 जनवरी से 20 जनवरी के बीच समाजवादी विकास व विजन कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसमें हर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले गांव में जाकर समाजवादी कार्यकर्ता अपनी पार्टी का किसानों को लेकर विजन रखेंगे। वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जनवरी व फरवरी में उनके नेता गांव-गांव जाकर बीजेपी की किसान विरोधी नीतियों के बारे बताएंगे।