भाजपा नेता प्रदीप कुमार गुप्ता अगस्त 2017 में लड़की के संपर्क में आया था, तब से वह लगातार उसके साथ रेप कर रहा था...
लखनऊ. लखनऊ के गोमतीनगर में रेप पीड़िता लड़की के खुदकुशी करने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता प्रदीप कुमार गुप्ता को देर रात गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। प्रदीप कन्नौज के सौरिख के सकरावा गांव का रहने वाला है। वह भाजपा का मण्डल अध्यक्ष रह चुका है। दरअसल इस मामले में गोमतीनगर पुलिस शुरु से ही लापरवाही बरत रही थी। रेप पीड़िता आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ शिकायत लेकर थाने के चक्कर लगाती रही। लेकिन, पुलिस पूरे मामले को दबाए रही। इससे परेशान लड़की ने जहर खा लिया था और अस्पताल में इलाज के दौरान बीते गुरुवार को उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस की नींद टूटी और उसने कार्रवाई की।
लड़की का बना लिया था अश्लील वीडियो
वहीं पुलिस के मुताबिक लड़की हाईस्कूल की परीक्षा पास करने के बाद घर पर ही रहती थी। उसके घरवालों का कहना है कि भाजपा नेता प्रदीप कुमार गुप्ता अगस्त 2017 में लड़की के संपर्क में आया था। तब से वह लगातार उसके साथ रेप कर रहा था। प्रदीप ने लड़की का अश्लील वीडियो बनाने के साथ कई आपत्तिजनक तस्वीरें भी ले ली थीं। इसी के बल पर वह लड़की को डराता-धमकाता था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर किशोरी ने उसके खिलाफ गोमतीनगर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। वह लगातार थाने के चक्कर काटती रही और पुलिसकर्मी उसे दौड़ाते रहे।
कार्रवाई न होने से थी परेशान
पुलिस के कार्रवाई न करने से परेशान लड़की ने 23 अक्टूबर को जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिवारीजनों ने उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान अगले दिन उसकी मौत हो गई थी। रेप पीड़ित के जहर खाकर जान देने की सूचना जब पुलिस को मिली तो उनके हाथ-पांव फूल गए।
आरोपी को घर से दबोचा
लड़की की मौत के बाद शुक्रवार को मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने आननफानन में लिखापढ़ी की। एएसपी नॉर्थ सुकीर्ति माधव ने रेप के आरोपी भाजपा नेता प्रदीप कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कीं। देर रात पुलिस टीम कन्नौज के सकरावा गांव स्थित प्रदीप के घर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।