लखनऊ

यूपी में इन भाजपा नेताओं के कटेंगे टिकट, विपक्ष में जाने की कर रहे तैयारी, सपा-बसपा से संपर्क शुरू

भाजपा के सांसदों का 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले टिकट कटना तय, विपक्ष में जाने के लिएसपा-बसपा से संपर्क शुरू किया।
3 min read
• •
Updated: 17 Jul 2018, 5:49 PM IST
bjp sansad ticket cancel before lok sabha chunav 2019 in up
यूपी में इन भाजपा नेताओं के कटेंगे टिकट, विपक्ष में जाने की कर रहे तैयारी, सपा-बसपा से संपर्क शुरू

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भाजपा के सांसदों का 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले टिकट कटना तय माना जा रहा है। भाजपा से टिकट कटने की बात पर बीजेपी के कुछ नेताओं व सांसदों ने सपा-बसपा में अपनी संभावनाएं बनाने की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। जिन लोगों ने यह पार्टियां छोड़ी थी वह भी सपा बसपा में वापसी की तैयारी में लगे हुए हैं। भाजपा ने 20 से अधिक टिकट ऐसे नेताओं को दिए थे जो सपा, बसपा या कांग्रेस छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। लेकिन अब इनका टिकट भाजपा से कटना तय माना जा रहा है। कुछ नेताओं व सांसदों ने एक बार फिर नई पार्टी तलाशनी शुरू कर दी है। सपा और बसपा में वरिष्ठ स्तर पर कुछ सांसदों ने तो मुलाकातें भी करना शुरू कर दिया है।

इन लोगों के टिकट कटना तय

उत्तर प्रदेश में भाजपा के कुछ सांसदों को पार्टी 'मार्गदर्शक' बनाकर सक्रिय राजनीति से किनारे करने का पूरी तरह से मन बना लिया है। मसलन देवरिया से पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, कानपुर से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी का टिकट कटना तय है। इसके साथ ही झांसी से उमा भारती ने भी चुनाव न लड़ने का फैसला कर लिया है। उन्नाव से साक्षी महाराज का भी टिकट कटना तय है। इसी तरह फूलपुर सीट से उपचुनाव लड़ने वाले कौशलेंद्र सिंह पटेल और गोरखपुर सीट से प्रत्याशी रहे उपेंद्र दत्त शुक्ल को 2019 में भी मौका मिल सकता है हालांकि इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है।

भाजपा यूपी में अपना भविष्य अच्छा बनाने में लगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुछ दिनों पहले आजमगढ़ में रैली हुई थी उसके पास के क्षेत्र से जुड़े अति पिछड़ी जाति के एक सांसद लगातार समाजवादी पार्टी के संपर्क में हैं। बहराइच से सांसद सावित्री बाई फुले ने पहले ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं, वाराणसी के बगल के क्षेत्र के एक सांसद भी योगी के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। मुलायम के गढ़ से आने वाले एक सांसद का भी टिकट कटना तय माना जा रहा है है। जिस कुम्भ की ब्रांडिंग के माध्यम से भाजपा यूपी में अपना भविष्य अच्छा बनाने में लगी हुई है।

कार्यसमिति के लिए नई जगह चुनी गई

बताया जा रहा है कि इस बार भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हो सकती है। इसके साथ ही मेरठ में होने वाली कार्यसमिति के लिए 19 और 20 अगस्त को हो सकती है। इस दौरान रेट लिस्ट का टेस्ट पास करने की रणनीति बनाने पर भाजपा पूरी तरह से नजर रखेगी। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ साथ दूसरे केंद्रीय नेता भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही बताया गया कि डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे को पिछले साल 31 अगस्त को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके करीब 11 महीने के कार्यकाल में अब तक 1 कार्यसमिति की गई है। हाल में ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने खुद ही आगरा दौरे पर बैठकें की थी। इसलिए प्रदेश कार्यसमिति के लिए नई जगह चुनी गई है।

गठबंधन से सामना करने के लिए बनेगी रणनीति

उत्तर प्रदेश के दौरे के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सार्वजनिक तौर पर मान चुके हैं कि यूपी में सपा बसपा गठबंधन से उनकी पार्टी पर बहुत ज्यादा फर्क पड़ सकता है। इसलिए वह बैठकों में 51% वोट का लक्ष्य रखने की तैयारी कर रहे हैं। दलित मुस्लिम बहुल वेस्ट यूपी की कई सीटों पर गठबंधन के दलों के साथ अगर दोनों के कोर वोटरों की भी दिल मिल गए तो 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी हो सकती है। इसलिए मेरठ में पार्टी से पार पाने की रणनीति पर केंद्रित करेगी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भावी कार्यक्रमों और अभियानों की भी इस दौरान रूपरेखा तय की जा रही है।

Published on: