लखनऊ

सदन में स्वस्थ चर्चा के लिए हम पूरी तरह से तैयार, हर सवाल का देंगे जवाब: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले पत्रकारों से की बातचीत, सीएम योगी ने विपक्षी दलों से की अपील, सदन की गरिमा बनाए रखने में दें अपना योगदान।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2023, 5:09 PM IST
अनुपूरक बजट के साथ विधायिका के लंबित कार्य होंगे पूरे
अनुपूरक बजट के साथ विधायिका के लंबित कार्य होंगे पूरे

प्रदेश के समग्र विकास, लोककल्याण, जनहित से जुड़े मुद्दे एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए हम विधानमंडल की कार्यवाही में चर्चा-परिचर्चा के लिए तैयार हैं। इसके लिए सभी दलों के सदस्यों से सार्थक चर्चा के लिए आह्वान किया गया है। साथ ही सरकार सभी दलों के सदस्यों के उनके सवालों के जवाब देने के लिए पूरी तरह से तत्पर है। सरकार डेवलपमेंट एवं उत्तर प्रदेश से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरी तरह से तैयार है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधान भवन के गेट नं. 8 के पोर्टिको पर विधानसभा के शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले मीडिया बंधुओं से बातचीत के दौरान कहीं। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह समेत कई मंत्री मौजूद रहे।

सत्र में अनुपूरक बजट के साथ विधायिका के लंबित कार्य होंगे पूरे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया बंधुओं से बातचीत के दौरान कहा कि सदन आम जनमानस से जुड़ी समस्याओं को रखने एवं इस ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का महत्वपूर्ण मंच है। मुझे पूरा विश्वास है कि सभी सदस्य आम जनमानस की भावनाओं को ध्यान में रख करके सदन को स्वस्थ चर्चा-परिचर्चा का केंद्र बनाएंगे। साथ ही सार्थक चर्चा के माध्यम से विधायिका को और पुष्ट करने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस सत्र में अनुपूरक बजट के साथ विधायिका के लंबित कार्य पूरे होंगे। पिछले साढ़े छह वर्षों में विधान मंडल ने गरिमापूर्ण तरीके से संसदीय लोकतांत्रिक प्रणाली को पुष्ट करते हुए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा-परिचर्चा को आगे बढ़ाने में नई सफलता प्राप्त की है, जो लोकतंत्र की सच्ची भावनाओं के प्रतिनिधित्व को दर्शाता है। यह लोगों के बीच कौतूहल और आश्चर्य का विषय बना हुआ है। मेरी विशेष रूप से विपक्षी दलों के सदस्यों से अपील है कि पूरे देश के अंदर सदन में गरिमापूर्ण तरीके से चल रही परिचर्चा को बनाए रखने की जिम्मेदारी सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की भी है। ऐसे में हम सदन की गरिमा को बनाए रखने में अपना योगदान दें।


विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए सरकार पूरी तरह से तैयार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार जनहित, डेवलपमेंट, लोक कल्याण एवं प्रदेश से जुड़े अन्य सभी मुद्दों पर चर्चा परिचर्चा को तैयार है। विपक्ष के हर प्रश्न का जवाब देने के लिए सरकार तैयार है। हम पूरी तैयारी के साथ सदन में मौजूद रहेंगे। सीएम योगी ने कहा कि विधानमंडल की इस कार्यवाही के पहले दिन के अवसर पर सभी सदस्यों का हृदय से स्वागत करता हूं और विश्वास करता हूं कि आम जनमानस की भावनाओं के अनुरूप सभी सदस्य सदन पर अपनी बात को प्रभावी ढंग से रखेंगे।

Updated on:
28 Nov 2023, 5:09 PM IST
Published on: