देश के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का कोई भी विकल्प नहीं है। इसी कारण 2019 का लोकसभा चुनाव उनकी उपलब्धियों पर ही होगा।
लखनऊ. सीएम योगी ने आज 2019 चुनाव में भाजपा को रोकने के लिए देशभर में तैयार हो रहे महागठबंधन पर जमकर हमला किया है। राजधानी में एक कार्यक्रम में सीएम योगी पहुंचे जहां उन्होंने विपक्षी दलों की तैयारियों पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी दलों का भाजपा के खिलाफ महागठबंधन भले ही तैयार हो रहा है, लेकिन उनके पास नेता के रूप में कोई चेहरा ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष बेहद डरा हुआ है। रोज नई-नई बातें भले ही सामने आ रही हों, लेकिन विकास के काम के दौर में भाजपा को दोबारा देश की सत्ता पर काबिज होने से कोई नहीं रोक सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महागठबंधन राहुल गांधी को अपना नेता मानने को तैयार नहीं है। इसके अलावा उनके पास कोई नेता नहीं है। यह लोग भारत के विकास और देश की राजनीतिक स्थिरता से भयभीत हैं। इसी कारण विपक्ष में गठबंधन हो रहा है।
पीएम मोदी की तारीफ की-
सीएम योगी ने आगे कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हासिल की गई उपलब्धियों पर होगा। विकास और सुशासन के बगैर किसी सरकार की पहचान नहीं हो सकती। देश के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का कोई भी विकल्प नहीं है। इसी कारण 2019 का लोकसभा चुनाव उनकी उपलब्धियों पर ही होगा। भाजपा ऐसा शासन दे रहा है जो जिससे देश का विकास हो सके। यह देश की पहली सरकार है जिसने सत्ता का केंद्र बिंदु गांव, किसान, मजदूर और महिलाओं को बनाया है।
भाजपा की सरकार बनाने में यूपी की होगी निर्णायक भूमिका-मुख्यमंत्री ने कहा मुझे लगता है जो भारत के विकास का पक्षधर है। भारत की सुरक्षा और महिलाओं की शान का पक्षधर है वह भाजपा के पक्ष में खड़ा होकर के भाजपा की सरकार बनाने में योगदान देगा, इसमें यूपी की निर्णायक भूमिका होगी।