प्रियंका को रायबरेली से चुनाव लड़ाने की बढ़ी मांग, कार्यकर्ता शेयर कर रहे पोस्टर
लखनऊ/रायबरेली. कांग्रेस को अपना गढ़बूत करना है प्रियंका बिटिया को मौका देना चाहिए...ये कहना है रायबरेली रहने वाले एक बुजर्ग कांग्रेसी कार्यकर्ता का..इन्हीं की तरह तमाम कांग्रेसियों में प्रियंका को लाने की डिमांड तेज हो गई है। वॉट्सऐप ग्रुप्स पर इससे जुड़े तमाम पोस्ट व पोस्टर शेयर किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता हसीब अहमद का भी एक पोस्टर काफी वायरल हो रहा है जिसमें 'इंदिरा का खून प्रियंका कमिंग सून' लिखा है। सोशल साइट्स पर ये इस पोस्टर के वायरल होते ही प्रियंका को लेकर तमाम चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दिल्ली से मिले संकेत
दरअसल हाल ही में राहुल गांधी के ऑफिस से जुड़े सूत्रों की ओर से पत्रकारों को बताया गया था कि राहुल गांधी का अमेठी से लड़ना तय है लेकिन रायबरेली को लेकर सोनिया के चुनाव लड़ने पर फैसला नहीं हो पाया है। इसका कारण उनका स्वास्थ्य भी है। ऐसे में ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि 2019 में रायबरेली से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ सकती है। 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के बेहद गंभीर होने के बाद कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस बार भाजपा के निशाने पर कांग्रेस के गढ़ अमेठी और रायबरेली भी हैं।
जल्द ही होगा फैसला
रायबरेली से प्रियंका गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने लखनऊ में कहा है कि प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी या नहीं इसकी जानकारी फिलहाल उन्हें नहीं है। इसका फैसला राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी को ही करना है। राजबब्बर ने कहा कि मैं तो कार्यकर्ता हूं, मुझे भी नहीं मालूम कि मैं खुद चुनाव लड़ूंगा या नहीं। शीर्ष नेतृत्व जो फैसला करेगा हम सब उसके साथ रहेंगे। राज बब्बर ने लखनऊ में दावा किया कि कांग्रेस 2019 में बीजेपी के खिलाफ पूरी ताकत झोंकने को तैयार है और गठबन्धन के कयासों पर भी जल्द ही विराम लग सकेगा।
सिर्फ बड़े चेहरों को मिलेगा टिकट!
दिल्ली में यूपी के महागठबंधन की रूपरेखा तैयार हो रही है। इस बार कांग्रेस केवल बड़े नामों को ही टिकट देने के मूड में है। इसका कारण गठबंधन की मजबूरी भी है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के खाते में केवल 10 से 15 सीटों के बीच ही आएंगी। ऐसे में कांग्रेस उसी प्रत्याशी को टिकट देगी जिसके जीतने की संभावना होगी और जो सपा-बसपा को भी मंजूर होगा। कांग्रेस से एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि बीजेपी को हराने के लिए गठबंधन जरूरी है। ऐसे में कांग्रेस भी जीतने वाले चेहरे पर ही दांव लगाने के मूड में है।
इन चेहरों पर लग सकता है दांव
सूत्रों के मुताबिक अगर महागठबंधन करती है तो उसके हिस्से में 10-15 के बीच ही सीटें आएंगी। ऐसे में कांग्रेस अपने मजबूत कैंडिडेट्स को उतारने के मूड में है। कांग्रेस यूपी में सोनिया, राहुल के अलावा आरपीएन सिंह, जितिन प्रसाद, प्रमोद तिवारी, सलमान खुर्शीद, प्रकाश जायसवाल, पीएल पुनिया, इमरान मसूद, रानी रत्ना सिंह, अन्नु टंडन जैसे चेहरों को टिकट दिया जा सकता है। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर खुद भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।