- शीतलहर और गलनभरी ठंड से नहीं राहत - राजधानी में शनिवार सुबह छाया घना कोहरा - जीरो विजिबिलिटी के साथ हुई शुरुआत
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश के बाद भी ठंड का असर कम नहीं हुआ। गलनभरी ठंड ने दिनभर बढ़ती हुई सर्दी का एहसास कराया। पहाड़ों से आ रही हवाएं राज्य में गलन बढ़ा रही हैं। शनिवार सुबह शहर में घना कोहरा छाया रहा। सुबह की शुरुआत जीरो विजिबिलिटी के साथ हुई। न्यूनत तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दिन में धूप निकलने के आसार हैं। शाम में सर्द हवाएं चलेंगी जिससे कि गलनभरी ठंड बढ़ जाएगी। ठंड के प्रकोप को देखते हुए यूपी के कई स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
शहर में शनिवार सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ रही। यहां तक कि एक मीटर तक देखना भी मुश्किल रहा। शनिवार सुबह ठंड और गलन के साथ हुई। वहीं शुक्रवार को शहर का अधिकतम पारा सामान्य से पांच डिग्री कम 16.8 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक पहाड़ों से आने वाली उत्तरी-पश्चिमी हवा से गलन बढ़ेगी। कोहरे का असर भी अधिक रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही कहीं-कहीं पर बरसात के साथ ओले भी गिर सकते हैं।