लखनऊ

चुनाव के समय बसपा और भाजपा को याद आ रहे हैं ब्राह्मण : सभाजीत सिंह

- हर मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी है सरकार

2 min read
Aug 03, 2021
चुनाव के समय बसपा और भाजपा को याद आ रहे हैं ब्राह्मण : सभाजीत सिंह

लखनऊ. बसपा के ब्राह्मण सम्मेलन पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने करारा तंज कसते हुए कहाकि, चुनाव के समय बसपा और भाजपा को ब्राह्मण याद आ रहे है। पिछले साढ़े चार साल में भाजपा की सरकार में ब्राह्मण अपमान, अन्याय और अत्याचार सहता रहा, उस वक्त कोई मदद को नहीं आया।

ब्राह्मणों पर अत्याचार हो रहा था तब कहां थी बसपा? :- बसपा और भाजपा पार्टी को आइना दिखाते हुए सभाजीत सिंह ने कहाकि, निर्दोष खुशी दुबे आज भी जेल में बंद है, पूर्व विधायक निर्पेन्द्र मिश्रा की हत्या कर दी गई। ब्राह्मणों के खिलाफ ऐसी कई घटनाएं उत्तर प्रदेश में हुई है लेकिन सरकार ब्राह्मणों को कोई न्याय नहीं दिला पाई वही दूसरी तरफ बसपा ब्राह्मण संम्मेलन कर ब्राह्मणों का हितेषी बनना चाहती है, जब ब्राह्मणों पर अत्याचार हो रहा था तब कहां थी बसपा?

जनता सब समझ रही है :- सभाजीत सिंह ने कहाकि, धर्म, जाति के नाम पर सियासत करना भाजपा की आदत रही है। नफरत फैलाकर वोट के लिए लोगों को आपस में लड़ाना भाजपा का काम है। यूपी की जनता भाजपा की असलियत जान चुकी है। बसपा और भाजपा नूरा कुश्ती बंद करे जनता सब समझ रही है 2022 में जनता इसका जबाब देगी।

राम के नाम पर किया चंदा चोरी :- आप प्रदेशाध्यक्ष ने कहाकि, कोरोना काल में जब लोगों की जान जा रही थी तब यहां योगी सरकार पीपीई किट, वेंटिलेटर आदि के नाम पर घोटाला कर रही थी। यूपी की जनता ने इन्हें राम के नाम पर चंदा चोरी करते देखा है। मंदिर के नाम पर जमीन खरीद में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार यूपी की जनता कभी नहीं भूलेगी।

उत्तर प्रदेश में स्मार्ट सिटी कहाँ है? :- सभाजीत सिंह ने योगी सरकार से सवाल करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट सिटी कहाँ है? सड़कों के गड्ढे अभी भी भरें नही हैं, हल्की सी बरसात में शहर जलमग्न हो गए। सभाजीत सिंह ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने योगी की तारीफ करके उन लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया जिन लोगों ने कोरोना काल में अपनों को खोया है। यह सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी है।

Published on:
03 Aug 2021 04:50 pm
Also Read
View All