
लखनऊ. गणतंत्र दिवस पर हुई ट्रैक्टर परेड के बाद किसान हिंसा से जहां किसान आंदोलन टूट सा गया था वहीं भाजपा सरकार पर इसकी साजिश का आरोप लगा। भाजपा सरकार लगातार किसान आंदोलन तोड़ने में लगी है। इससे नाराज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहाकि, भाजपा द्वारा किसानों को बदनाम करने के प्रपंचों से किसान बहुत आहत हैं।
गणतंत्र दिवस हिंसा के बाद किसान आंदोलन दोबारा मज़बूत होता नज़र आ रहा है। पर सरकार की कोशिश है कि शीघ्र यह आंदोलन खत्म हो। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को अपने ट्विट के जरिए कहाकि, भाजपा द्वारा किसानों को बदनाम करने के प्रपंचों से किसान बहुत आहत हैं। भाजपा ने नोटबंदी, जीएसटी, श्रम क़ानून व कृषि क़ानून लाकर खरबपतियों को ही फ़ायदा पहुंचाने वाले नियम बनाए हैं। भाजपा ने आम जनता को बहुत सताया है। वो आंसू टपके बस दो आंख से हैं, पर दुख-दर्द वो लाखों लाख के हैं।
भाजपा शोषणकारी नीतियों से आम जनता दुखी:- इससे पूर्व समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहाकि, किसानों को लेकर उमड़ा जनभावना का अभूतपूर्व सैलाब दर्शाता है कि भाजपा की जनमानस के ख़िलाफ़ जो शोषणकारी नीतियां हैं उनसे आम जनता कितनी दुखी है। पश्चिमी उप्र से लेकर पूर्वी उप्र तक सब किसानों के साथ हैं। ग़ाज़ीपुर से ग़ाज़ीपुर तक उप्र भाजपा के विरूद्ध एकजुट है। #नहीं_चाहिए_भाजपा