मिशन 2019: भाजपा ने जीत के लिए बनाया मास्टर प्लान, विरोधियों में मचा हड़कंप
लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए जी जान से तैयारियां कर ली है। भाजपा ने एक बार फिर विरोधियों को धूल चटाने के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। जैसा कि भाजपा विधानसभा चुनाव 2017 में युवाअों पर दांव खेली थी, इसी तरह मिशन 2019 में भी भाजपा ने फिर युवाअों के जरिए दांव खेलने की तैयारी कर रही है। आने वाले लोकसभा चुनाव 2019 में भी भाजपा का टार्गेट पर युवा वोटर रहेंगे। इसके तहत भाजपा ने उत्तर प्रदेश को 14 हजार सेक्टर में बांट कर 15 हजार कार्यकर्ताअों को स्थायी प्रवास कार्यक्रम के तहत तैनात किया है। इसकी शुरुआत फरवरी से होगी।
जानकारी के अनुसार 15 हजार कार्यकर्तअों में 14 हजार कार्यकर्ता युवा मोर्चा से होंगे, जबकि 1000 पार्टी में अन्य पदों पर काम करने वाले कार्यकर्ता होंगे। लोकसभा चुनावों में ये कार्यकर्ता हर घर पर जा कर दस्तक देंगे। पार्टी के रणनीतिकारों ने मिशन 2019 और उसके आगे के लिए भी यह योजना बनायी है। पार्टी ने इन कार्यकर्ताओं को ‘मौजूदा पर ध्यान , आगे का भी इंतजाम’ के संकल्प के साथ मैदान में उतारा है। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2000 में जन्म लेने वाले तथा 21वीं शताब्दी में पहली बार मताधिकार का प्रयोग करने जा रहे युवाओं पर विशेष ध्यान देना और उन्हें भाजपा के साथ जोड़ना है। स्थायी प्रवासी अर्थात पार्टी के पदाधिकारी बनाए गए कार्यकर्ता फरवरी से अपने-अपने सेक्टरों में डेरा डालकर चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे।
इस चुनाव में 21वीं सदी में जन्म लेने वाले पहली बार देश की सत्ता सौंपने के फैसले की प्रक्रिया अर्थात मतदान में हिस्सा बनेंगे। ये सभी शिक्षित होंगे। उच्च शिक्षा न सही तो भी अधिकांश कम से कम हाईस्कूल उत्तीर्ण तो होंगे ही। इसलिए वोट मांगने का पुराना ढर्रा अब नहीं चलेगा।
जानिए पूरा प्लान
भाजपा की मास्टर प्लान के अनुसार प्रदेश को लगभग 14 हजार सेक्टर में बांट रखा है। एक सेक्टर में लगभग 10 बूथ रखे गए हैं। युवा मोर्चा के एक प्रवासी कार्यकर्ता को एक सेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कार्यकर्ता अपने बूथ पर दर्ज घरों से ऐसे युवाओं को छांटेगा जिनकी उम्र 17-18 वर्ष की है और लोकसभा चुनाव में वह पहली बार वोट डालेगा। प्रवासी कार्यकर्ता इन युवाओं का न सिर्फ मतदाता सूची में नाम जुड़वाएगा बल्कि उन्हें युवा मोर्चा के जरिये भाजपा से भी जोड़ने की कोशिश करेगा। 2019 के आम चुनाव से पहले भाजपा युवा में अपनी जगह बनाने के लिए वाराणसी में विशाल युवा सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। भाजपा ने इस कार्यक्रम का नाम 'युवा उद्घोष' दिया है।