लखनऊ

अटल को याद कर रो पड़े मुलायम, कह दी ये बड़ी बात

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए भावुक हो गए।

2 min read
Aug 24, 2018
अटल को याद कर रो पड़े मुलायम, कह दी ये बड़ी बात

लखनऊ. पूर्व प्रधानमंत्री की कलश यात्रा आज प्रदेश के सोलह शहरों में अस्थि कलश यात्रा निकाली जाएगी। लखनऊ में गुरूवार अटल जी की अस्थियों का विसर्जन हुआ। इसमें भाजपा सहित कई पार्टियों के नेता शामिल हुए। इस दौरान सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए भावुक हो गए। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि अटलजी मुझे बहुत प्यार देते थे। वो हर 15 दिनों में मुझे खाने पर बुलाते थे और मुझे अक्सर सुझाव देते थे। आज जब वो हमारे बीच नहीं हैं तो उन्हें यादकर मुझे बहुत दुख हो रहा है।

दुनिया ने उन्हें सम्मान दिया : मुलायम सिंह यादव
लखनऊ के झूलेलाल पार्क में अटल जी की याद में सर्वदलीय श्रद्घांजलि सभा को सम्बोधित करते हुए मुलायम ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद की गरिमा बढ़ाई। उनके निधन पर पूरी दुनिया ने उन्हें सम्मान दिया। वो सिर्फ एक दल के नेता नहीं थे बल्कि पूरी दुनिया में सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने हमारे लिए एक आदर्श स्थापित किया है। मुलायम सिंह यादव अपने संबोधन के दौरान काफी भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि उनके लिए देश हित सबसे पहले था। उन्होंने लोगों के दिलों में स्थान बनाया और सभी के लिए बड़े आदर्श स्थापित किए।

अटलजी बड़े दिलवाले नेता थे : राजबब्बर
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने भी अटल जी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी को देखकर और उनकी भाषाशैली को सुनकर ही मैंने राजनीतिक चर्चा में हिस्सा लेना शुरू किया था। जब मुझे उनके खिलाफ चुनाव लड़ना पड़ा तो मैंने एक मुलाकात में उनसे कहा कि अटलजी मुझे आशीर्वाद दीजिए कि मैं चुनाव में कुछ ऐसा न कहूं जो कि गलत हो। अटल जी ने जवाब दिया कि जाओ, तुमसे कभी ऐसा नहीं होगा। मेरे लिए ये एक बड़ी बात थी कि मैं एक बड़े नेता के खिलाफ चुनाव मैदान में हूं और उन्होंने इस तरह से मुझे प्यार दिया। राज बब्बर ने कहा कि अटलजी बड़े दिलवाले नेता थे। उन्होंने कहा कि बड़े दिलवालों की स्वीकार्यता भी बड़ी होती है। उन्होंने बताया कि खास बात है कि उनकी सियासत ने उनके अंदर के मनुष्य को कभी दबने नहीं दिया। इस मौके पर शिवपाल सिंह यादव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर व कल्बे जव्वाद सहित कई नेता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें

आज यहां से गुजरेगी अटल जी की अस्थि कलश यात्रा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों का लगेगा जमावड़ा

Published on:
24 Aug 2018 01:08 pm
Also Read
View All