
लखनऊ. बच्चों में कृमि संक्रमण से जुड़े जन स्वास्थ्य समस्या से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 29 अगस्त, 2019 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग (बेसिक), माध्यमिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन, प्राविधिक शिक्षा, उ0प्र0 स्टेट मेडिकल फैक्लटी, स्वच्छ भारत मिशन (एस0बी0एम0) एवं अन्य विभागो के संगठित प्रयासों और एविडेंस एक्शन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
अल्बेंडाजोल की दवाई खिलाकर कृमि मुक्त
यह जानकारी देते हुए मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उ0प्र0 पंकज कुमार ने आज यहां बताया कि इस कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के चयनित 57 जनपदो (आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, मथुरा, कांसगंज, एटा, मैनपुरी, हाथरस, पीलीभीत, बरेली, सम्भल, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, शाहजहंापुर, अमरोहा, बदायॅू, जालौन, बांदा, हमीरपुर, चित्रकुट, झाॅसी, ललितपुर, महोबा, बाराबंकी, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, कानपुर नगर, लखनऊ, गाजियाबाद, बुलन्दशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, सोनभद्र, भदोही, वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, एवं बलिया) के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी में 1 से 19 साल तक के सभी बच्चों और किशोरों को अल्बेंडाजोल की दवाई खिलाकर कृमि मुक्त किया जाऐगा।
29 अगस्त से 4 सितम्बर माॅप-अप सप्ताह
बीमारी के कारण जिन बच्चों को 29 अगस्त, 2019 राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर कृमि नियंत्रण की दवाई नहीं खिलाई जा सकेगी उन्हें 30 अगस्त से 4 सितम्बर माॅप-अप सप्ताह के दौरान एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाकर कृमि मुक्त किया जायेगा। श्री पंकज कुमार कृमि मुक्ति दिवस मनाये जाने को लेकर एस0पी0एम0यू0 हाॅल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन लखनऊ में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए उन्हें कृमि मुक्त
मिशन निदेशक ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य उत्तर प्रदेश में सभी बच्चों और किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण सम्बन्धी स्थिति और संज्ञानात्मक विकास तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए उन्हें कृमि मुक्त करना है। आम तौर पर देखा गया है कि कृमि संक्रमण का बच्चों के स्वास्थ्य और समग्र विकास पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। भारत में 22 करोड़ से भी अधिक बच्चों को कृमि संक्रमण का खतरा है, साथ ही भारत में कृमि संक्रमण और इससे संबन्धित रोग भी अधिक पाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए अल्बेंडाजॉल (400 मि.ग्रा) दवाई का सेवन एक सुरक्षित, लाभदायक एवं प्रभावी उपाय है।