लखनऊ

ओवैसी-चंद्रशेखर की जॉइंट रैली पर BJP सांसद का तंज, बोले- दो जीरो मिलकर एक और जीरो बना सकते हैं, कोई नंबर नहीं

Owaisi Chandrashekhar Azad Alliance: लखनऊ में संविधान दिवस पर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली हो रही है। BJP सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने गठबंधन पर तंज कसते हुए इसे 'नॉन-स्टार्टर अलायंस' बताया। रैली में 50 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 1:21 PM IST
Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, राधा मोहन दास और चंद्रशेखर आजाद (Photo IANS)

Asaduddin Owaisi joint rally: लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली हो रही है। यूपी में गठबंधन के बाद पहली बार दोनों नेता एक बड़े मंच पर साथ नजर आएंगे। इस रैली को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। BJP सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने दोनों नेताओं के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि दो जीरो मिलकर सिर्फ एक और जीरो बना सकते हैं, वे कोई नंबर नहीं बना सकते। यह एक नॉन-स्टार्टर अलायंस है। इससे न तो किसी को फायदा हो सकता है और न ही किसी को नुकसान। वहीं, रैली में बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

'दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा'

लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में संविधान दिवस पर आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में समर्थक पहुंच रहे हैं। खबर के मुताबिक, अब तक 50 हजार से ज्यादा लोग जुट चुके हैं। आयोजकों की ओर से रैली में पांच लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया गया है। रैली से पहले मैदान में बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें लिखा है कि दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा। इन नारों के जरिए गठबंधन ने दलित और मुस्लिम समुदाय को एक साथ जोड़ने का संदेश देने की कोशिश की है।

इससे पहले 100 से ज्यादा बसों के जरिए AIMIM और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को लखनऊ लाया गया। समर्थक नीले और हरे झंडे लेकर नारेबाजी करते नजर आए। सियासी जानकार इस रैली को दोनों दलों के शक्ति प्रदर्शन और दलित-मुस्लिम वोटबैंक को अपने साथ जोड़ने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।

अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले के सामने नई चुनौती?

ओवैसी और चंद्रशेखर का साथ आना उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को साथ लाकर 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की मौजूदगी इस समीकरण को प्रभावित कर सकती है।

खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड और पूर्वांचल के उन इलाकों पर नजर रहेगी, जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या अच्छी है। सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, आगरा, हाथरस, संभल और आजमगढ़ जैसे क्षेत्रों में इस गठबंधन की भूमिका पर चर्चा हो सकती है। इन इलाकों में दोनों समुदायों के मतदाता कई सीटों पर चुनावी समीकरण का अहम हिस्सा हैं।