उत्तर प्रदेश में सरकार ने किसानों से धान खरीदने का काम शुरू कर दिया है। 1 नवंबर से ये प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसके तहत किसान क्रय केंद्रों पर जाकर धान बेच सकेंगे।
उत्तर प्रदेश में इस साल यानी 2022-23 के लिए धान खरीद शुरू हो गई है। एक नवंबर से इसकी शुरुआत कर दी गई है, जो 28 फरवरी तक चलेगी। निर्धारित क्रय केंद्रों पर जाकर किसान अपना धान बेच सकेंगे। सरकार आसानी से धान खरीद कर सके और किसानों को भी कोई परेशानी ना हो, इसके लिए कई नियम बनाए गए हैं।
किसान को करना होगा रजिस्ट्रेशन
धान बेचने के लिए किसानों को आनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। धान बेचने के लिए रिजस्ट्रेशन जरूरी है, इसके बिना किसान धान नहीं बेच सकेंगे। किसान अपने कंप्यूटर या फिर जन सुविधा केंद्र जाकर खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर रजिस्ट्रेशन सकते हैं।
खाद्य विभाग के पोर्टल के होम पेज पर ही किसान को 'खरीद हेतु किसान पंजीकरण' विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक करने पर आप को धान, मक्का या बाजरा के लिए रजिस्ट्रेशन के विकल्प मिलेंगे। धान खरीद पर क्लिक करने पर आपको पूरी जानकारी मिल जाएगी।
धान खरीद पर क्लिक करने के बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म खुलेगा, जिसमें आधार नंबर, पता, बैंक अकाउंट नंबर, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करते हुए आप रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसी से किसान को उसके क्रय केंद्र की भी जानकारी मिलेगी।
खाते में पहुंचेगा फसल का पेमेंट
धान बेचने के बाद किसानों को उनकी फसल के दाम बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। इसके लिए किसान का बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है। ऐसा ना होने पर असुविधा हो सकती है। सरकार का कहना है कि खरीद के 48 घंटों के भीतर किसानों का पेमेंट उनके खाते में पहुंच जाएगा।
धान खरीद को लेकर खाद्य विभाग की अहम बैठके हुई हैं। जिसमें सरकारी खरीद को गति और किसानों को सहूलियत देने को लेकर क्रय एजेंसियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से एजेंसियों को सरकारी गाइडलाइन के तहत खरीद करने को कहा है।
2040 रुपए है धान का रेट
सरकार ने इस साल, 2022-23 के लिए धान की सामान्य किस्म का एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,040 रुपए प्रति क्विंटल रखा है। धान की 'ए' ग्रेड किस्म की एमएसपी 2,060 रुपए प्रति क्विंटल है।