देवरिया शेल्‍टर होम में ज‍िस्‍मफरोशी रैकेट पर सीएम योगी ने उठाया ये कदम, सपा के बयान के बाद मचा हड़कंप
लखनऊ. बिहार के मुजफ्फरपुर के बालिका गृह में 34 लड़कियों का रेप का मामला अभी शांत नहीं हुआ कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी अौर पुलिस अधीक्षक ने एक शेल्टर होम में छापा मारकर 24 लड़कियों को मुक्त कराया है। इस मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। जहां एक तरफ विपक्षी लगातार सरकार पर हमला बोल रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़े निर्देश देने के आदेश दे रही है। इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को अपने संबंधित जिलों में स्थित बाल गृह और महिला संरक्षण गृह के व्यापक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सरकार ने कार्रवाई करते हुए डीएम सुजीत कुमार को हटा दिया है, इसके अलावा डीपीओ प्रभात कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है।
सीएम योगी ने दिए लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यहां पर रह रहे बच्चों और महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने इन गृहों के पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल गृह तथा महिला संरक्षण गृह की देखभाल और साफ-सफाई में कोई कोताही न बरती जाए। साथ ही, यहां पर रह रहे बच्चों एवं महिलाओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं : अनुराग भदौरिया
वहीं समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन का इकबाल खत्म हो चुका है। सरकार महिलाओं और बच्चियों हिफाजत करने में अक्षम है। आये दिन आधी आबादी पर अत्याचार हो रहे हैं। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाता तो आज यूपी का ये हाल नहीं होता।
अवैध रूप से चल रहा था देवरिया शेल्टर होम : ऱीता बहुगुणा
इसके अलावा देवरिया मामले पर यूपी सरकार की महिला और बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने प्रमुख सचिव महिला और बाल कल्याण से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने सोमवार शाम चार बजे तक पूरे मामले की रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि देवरिया के पूरे मामले पर जांच की जा रही है। बालिका गृह में देह व्यापार होता था या नहीं ये रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बालिका गृह अवैध रूप से चल रहा था।
आईपी सिंह ने किया ट्वीट
वहीं इस मामले में बीजेपी प्रवक्ता आईपी सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि देवरिया में जो कुछ हुआ दुःखद है डीएम व एसपी के निलंबन से काम नहीं चलेगा बर्खास्त कर दे सरकार। ये अफसर अपने बंगले से बाहर नहीं निकलते है बड़े अफसरों और नेताओं को साध लेने के बाद निडर होकर एक राजा जैसे व्यवहार करते है। राजधानी में बैठे अफसरों पर भी हो शख्त कार्रवाई करें, दिखावा करते है अफसर।