लखनऊ

रिंकू सिंह बनेंगे सरकारी अफसर, संभालेंगे रीजनल स्पोर्ट्स अफसर की जिम्मेदारी, सीएम योगी देंगे नियुक्ति पत्र

लखनऊ में योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र देंगे। रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स अफसर बनाया गया है।
2 min read
Mar 24, 2026
rinku singh
भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह (Photo - EspnCricInfo)

Cricketer Rinku Singh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम 5 बजे लखनऊ के लोकभवन में एक विशेष समारोह आयोजित कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले छह मेधावी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। मुख्यमंत्री इस मौके पर लक्ष्मीबाई पुरस्कार का भी वितरण करेंगे। यह समारोह खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। टीम इंडिया के क्रिकेटर रिंकू सिंह को भी इस दौरान रीजनल स्पोर्ट्स अफसर का नियुक्ति पत्र मिलेगा।

रिंकू सिंह की नियुक्ति

टीम इंडिया के मशहूर क्रिकेटर रिंकू सिंह को 'रीजनल स्पोर्ट्स अफसर' पद पर नियुक्त किया गया है। उनके साथ ही छह अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी सरकारी पदों पर नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन सभी खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कदम खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा देने और उन्हें खेल के अलावा स्थिर जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

पदक विजेताओं को मिले महत्वपूर्ण पद

  • राजकुमार पाल (गाजीपुर)- पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के लिए कांस्य पदक जीता। उन्हें डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) पद पर नियुक्त किया गया है।
  • प्रवीण कुमार (गौतमबुद्ध नगर)- पेरिस पैरा ओलंपिक में ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीता। उन्हें भी डीएसपी का पद दिया गया है।
  • अजीत सिंह (इटावा)- पेरिस पैरा ओलंपिक में भाला फेंक में रजत पदक जीता। उन्हें जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) बनाया गया है।

महिलाओं को भी मिली बड़ी नियुक्ति

  • सुमिरन (गाजियाबाद)-पैरा ओलंपिक में 200 मीटर दौड़ की कांस्य पदक विजेता। उन्हें जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) का पद दिया गया है।
  • प्रीतिपाल (मुजफ्फरनगर)-पैरा एथलेटिक्स में 100 और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीते। उन्हें खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पद का नियुक्ति पत्र मिलेगा।

ये सभी खिलाड़ी अब सरकारी नौकरी में आकर खेल के साथ-साथ प्रशासनिक काम भी करेंगे।

लक्ष्मीबाई पुरस्कार का वितरण

समारोह में लक्ष्मीबाई पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने राज्य और देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार कहते हैं कि खेल को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सीधी सरकारी नौकरी देकर सरकार उनका सम्मान कर रही है।

Updated on:
24 Mar 2026 11:26 am
Published on:
24 Mar 2026 11:26 am