
आईएएस संगीता सिंह और आंजनेय सिंह (X Photo Sachin Gupta)
Uttar Pradesh IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 17 IAS अधिकारियों के तबादले कर कई अहम पदों पर नई तैनाती की है। इस बदलाव में सबसे ज्यादा चर्चा मुरादाबाद के मंडलायुक्त रहे आंजनेय कुमार सिंह की है। सात बार सेवा विस्तार मिलने के बाद इस बार उन्हें 8वीं बार एक्सटेंशन नहीं मिला और उनकी यूपी में प्रतिनियुक्ति खत्म हो गई। अब वह अपने मूल कैडर सिक्किम लौटेंगे। वहीं, संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
आंजनेय कुमार सिंह सिक्किम कैडर के IAS अधिकारी हैं। रामपुर के जिलाधिकारी रहते हुए वह पहली बार बड़े स्तर पर चर्चा में आए थे। उस दौरान आजम खान से जुड़े मामलों में प्रशासन की कई कार्रवाइयां सुर्खियों में रहीं। जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन से जुड़े मामले हों या चुनावी नियमों से जुड़े विवाद, इन सभी घटनाओं के बीच आंजनेय सिंह लगातार खबरों में बने रहे। इसके बाद उनकी जिम्मेदारियां बदलीं, तबादले हुए, लेकिन उत्तर प्रदेश से उनका जुड़ाव बना रहा। लंबे समय तक वह प्रतिनियुक्ति पर यूपी में तैनात रहे।
आंजनेय सिंह का कार्यकाल कई बार पूरा हुआ, लेकिन उन्हें लगातार सेवा विस्तार मिलता रहा। केंद्र की मंजूरी के बाद उन्हें सात बार एक्सटेंशन मिला। इसी दौरान वह मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त की जिम्मेदारी संभालते रहे। हालांकि इस बार 8वीं बार सेवा विस्तार नहीं मिला। कार्यकाल पूरा होने के बाद वह छुट्टी पर चले गए थे। अब उन्हें मूल कैडर राज्य के लिए रिलीव कर दिया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में उनकी लंबी प्रशासनिक पारी समाप्त हो गई।
आंजनेय सिंह की जगह अब अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह मुरादाबाद की नई मंडलायुक्त होंगी। वहीं राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) सोम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ भेजा गया है। मुरादाबाद का बदलाव इस पूरी तबादला सूची का सबसे बड़ा फैसला माना जा रहा है, लेकिन इसके अलावा भी कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
गोविंद शंकर प्रियदर्शी को आयुष विभाग के महानिदेशक पद के साथ राष्ट्रीय आयुष मिशन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दीपा चौधरी को राजस्व परिषद में प्रशासनिक सदस्य बनाया गया है। प्रमोद कुमार उपाध्याय को ग्राम्य विकास आयुक्त की जिम्मेदारी मिली है। जल निगम और शहरी विकास विभाग में भी बदलाव किया गया है। मासूम अली सरवर को जल निगम (नगरीय) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें अमृत योजना की जिम्मेदारी भी दी गई है।
डॉ. राज शेखर को नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि योगेश कुमार को जल निगम (ग्रामीण) का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सहकारिता विभाग में कुमार प्रशांत को आयुक्त और निबंधक बनाया गया है। गुरुत्ता श्रीनिवासुलु को राज्य सूचना आयोग का सचिव बनाया गया है। वहीं अमृत पाल कौर को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ में संयुक्त प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
IAS अधिकारियों की इस सूची से तीन दिन पहले पुलिस विभाग में भी बड़ा फेरबदल हुआ था। 21 अगस्त की देर रात 9 IPS अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसमें सात जिलों के SP और SSP बदले गए थे। संभल के SP केके बिश्नोई को बिजनौर भेजा गया था। उनकी जगह विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल की जिम्मेदारी मिली। इसके अलावा मेरठ, झांसी, सुल्तानपुर, गोंडा और बलरामपुर में भी नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती हुई थी।
अब IAS अधिकारियों की नई सूची के बाद प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा मुरादाबाद की है, जहां सात एक्सटेंशन के बाद आंजनेय कुमार सिंह की लंबी पारी खत्म हो गई है।
Updated on:
24 Aug 2026 08:02 am
Published on:
24 Aug 2026 08:02 am
