23 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की अपील, जानें जुलूस के लिए क्या हैं दिशा-निर्देश

Eid E Milad Un Nabi: रबी-उल-अव्वल और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर लखनऊ के इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने मुस्लिम समुदाय के लिए एक एडवाइजरी जारी की है।
2 min read
Google source verification
Eid E Milad Un Nabi Advisory

लखनऊ ईद ए मिलाद उन नबी एडवाइजरी (फाइल फोटो)

Lucknow Eid E Milad Un Nabi Advisory: रबी-उल-अव्वल और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मुबारक मौके पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने मुस्लिम समाज के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने अकीदतमंदों से अपील की है कि वे जुलूस में पूरे अनुशासन और सादगी के साथ शामिल हों तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा तय किए गए नियमों का कड़ाई से पालन करें।

तय रास्तों पर ही निकलेगा जुलूस, भड़काऊ नारों पर रोक

मौलाना फिरंगी महली ने बताया कि इस वर्ष रबी-उल-अव्वल यानी मिलाद-उन-नबी का पर्व 26 अगस्त को मनाया जाएगा। इससे एक दिन पूर्व रात में जगह-जगह बड़े पैमाने पर जलसे आयोजित होंगे और अगले दिन पारंपरिक जुलूस निकाले जाएंगे। इसी व्यवस्था को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए यह एडवाइजरी जारी की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान लोग केवल निर्धारित रूट का ही उपयोग करें। अकीदतमंद अपने-अपने मोहल्लों से बैनर और धार्मिक झंडे लपेटकर लाएं और जुलूस के आधिकारिक शुरुआती बिंदु पर पहुंचने के बाद ही उन्हें खोलें। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की भड़काऊ नारेबाजी या किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाले नारों पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।

ईदगाह में जलसा और देश में अमन-चैन की दुआ

एडवाइजरी के अनुसार, जुलूस अपने तय मार्ग से गुजरते हुए ईदगाह पहुंचेगा। ईदगाह में जलसे का आयोजन किया जाएगा, जहां देश की तरक्की, आपसी भाईचारे, शांति और सलामती के लिए विशेष दुआएं मांगी जाएंगी।

युवाओं से अपील: स्टंटबाजी से बचें और न फैलाएं अफवाह

इस्लामिक सेंटर की ओर से विशेष रूप से युवाओं से अपील की गई है कि वे मोटरसाइकिलों पर खतरनाक स्टंट न करें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। जुलूस में अनुशासन बनाए रखें और किसी भी तरह की भ्रामक खबर या अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें।

पैगंबर साहब का पैगाम: अमन, मोहब्बत और सादगी

मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को अमन, इंसानियत और मोहब्बत का पैगाम दिया है। इसलिए इस मुबारक दिन पर हम सभी को शांति और सौहार्द का परिचय देना चाहिए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस दिन को सादगी और इबादत के साथ मनाएं तथा देश की एकता को मजबूत करने का संकल्प लें।

बड़ी खबरें

View All

लखनऊ

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग