
गंगा स्नान के बाद कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना और दीपदान करते श्रद्धालु। (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
Kartik Purnima Ganga Aarti: धर्म और आस्था की नगरी काशी मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। देव दीपावली के खास मौके पर भोर की पहली किरण के साथ ही गंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और आसपास के दूसरे प्रमुख घाटों पर धार्मिक माहौल बना रहा। कहीं पूजा-पाठ हो रहा था तो कहीं लोग दीपदान और दान-पुण्य में जुटे दिखाई दिए।
गंगा घाटों पर हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं के चेहरे पर उत्साह और भक्ति का भाव साफ नजर आया। गंगा स्नान के बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और काशी की पुरानी धार्मिक परंपराओं में हिस्सा लिया। देव दीपावली का यह अवसर काशीवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी खास रहा।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी वजह से मंगलवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे सुबह हुई, गंगा के किनारे लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालु अपने साथ पूजा की सामग्री और दीप लेकर पहुंचे थे। घाटों पर धार्मिक मंत्रों और घंटियों की आवाज के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा मैया से परिवार की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-शांति की प्रार्थना की। घाटों पर मौजूद पुरोहितों ने भी लोगों को पूजा और धार्मिक अनुष्ठान कराए। काशी की गलियों से लेकर गंगा तट तक हर तरफ देव दीपावली की रौनक दिखाई दी।
कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही एक महीने तक चलने वाले कार्तिक स्नान का भी समापन हो गया। पूरे कार्तिक महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह-सुबह गंगा स्नान और पूजा-पाठ के लिए घाटों पर पहुंचते रहे। मंगलवार को पूर्णिमा के अंतिम स्नान के साथ इस धार्मिक परंपरा का समापन हुआ। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने काशी के प्रमुख मंदिरों में दर्शन किए। बाबा विश्वनाथ के दरबार में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इसके साथ ही लोगों ने बाबा काल भैरव और मां अन्नपूर्णा के मंदिर में भी हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं ने भगवान से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर देश-दुनिया से काशी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि काशी केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं का बड़ा केंद्र भी है।
मंत्री ने कहा कि काशी में आने वाले पर्यटकों को पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को करीब से देखने और उनसे जुड़ने का अवसर मिलता है। सुबह के गंगा स्नान से लेकर शाम के दीपदान तक देव दीपावली का पूरा आयोजन तीर्थाटन, संस्कृति और स्थानीय आतिथ्य का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर Experience मिले। यहां आने वाले लोगों को धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ शहर की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय जीवन को समझने का भी मौका मिले। पर्यटन बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सुबह के गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद अब सभी की नजर शाम को होने वाले देव दीपावली के भव्य आयोजन पर है। इस बार गंगा के घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की तैयारी है। दीपों की रोशनी से काशी के घाटों का नजारा बेहद खास होने वाला है। शाम ढलते ही गंगा के दोनों किनारों पर दीपों की कतारें सजेंगी। घाटों पर होने वाली गंगा आरती इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए Projection Mapping, Laser Show और 2100 Drone Show की भी व्यवस्था की गई है। आसमान में ड्रोन के जरिए दिखाई जाने वाली आकर्षक आकृतियां और रोशनी का नजारा लोगों के लिए खास अनुभव होगा।
देव दीपावली के आयोजन में इस बार ग्रीन आतिशबाजी भी शामिल की गई है। इसके जरिए काशी के आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने की तैयारी है। गंगा आरती, दीपदान, लेजर शो और ड्रोन शो के साथ पूरा शहर उत्सव के माहौल में नजर आएगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए देव दीपावली हमेशा से आकर्षण का केंद्र रही है। इस दिन काशी के घाटों पर दीपों की रोशनी और गंगा की लहरों का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरती को भी दुनिया के सामने रखता है।
देव दीपावली सिर्फ दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि काशी की सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा उत्सव है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान से शुरू हुआ दिन शाम को दीपों की रोशनी और भव्य धार्मिक आयोजनों के साथ अपने खास रंग में नजर आएगा। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, मंदिरों में दर्शन, गंगा आरती और घाटों पर दीपदान ने एक बार फिर काशी की धार्मिक महत्ता को सामने ला दिया है। अब शाम के आयोजन के साथ शिव नगरी का हर घाट रोशनी से जगमगाने को तैयार है। काशी में देव दीपावली का यह नजारा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बनने जा रहा है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
24 Nov 2026, 3:27 PM IST
Published on:
24 Nov 2026, 3:27 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश




