लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल को बड़ा झटका दे दिया है।
लखनऊ. लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल को बड़ा झटका दे दिया है। इस पार्टियों समेत अन्य दलों के 16 नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें बसपा सरकार में मंत्री व कद्दावर नेता के रूप में पहचान रखने वाले वेदराम भाटी व राष्ट्रीय लोकदल की पूर्व सांसद सारिका सिंह बघेल बड़े नाम हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने इन सभी को पार्टी कार्यालय में सदस्यता दिलाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकार जनता की भावनाओं के अनुरूप काम करती हैं। वहीं बाकी दलों की सरकारें केवल अपने कुनबे के आर्थिक विकास के लिए ही सत्ता में आती हैं।
वेदराम भाटी का भाजपा में शामिल होना बसपा के लिए तगड़ झटका माना जा रहा है। वे बसपा के पूर्व काबीना मंत्री व गौतमबुद्धनगर से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वहीं सारिका सिंह बघेल का भी भाजपा में जाना राष्ट्रीय लोकदल के लिए चिंता का विषय है। वह वर्ष 2009 लोकसभा चुनाव में हाथरस से चुनाव जीतीं थी।
रालोद-बसपा के यह नेता भी भाजपा में शामिल-
सारिका के पति व रालोद कार्यकर्ता देवेन्द्र सिंह बघेल ने भी भाजपा ज्वाईन की। राष्ट्रीय लोकदल के ही डा. निरंजन धनगर भी भाजपा में शामिल हुए। वे 2014 में हाथरस संसदीय सीट के प्रत्याशी व इसी दल से बल्देव विधानसभा से 2017 में प्रत्याशी रह चुके हैं। वहीं नोएडा से बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रवि मिश्रा, बसपा के सलोन विधानसभा के प्रत्याशी रहे आयकर विभाग के रिटायर्ड चीफ कमिश्नर बृजलाल पासी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।2014 लोकसभा चुनाव में बसपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद अपना टिकट वापस करने वाले उदयन शर्मा भी बुधवार को भाजपा की शामिल हुए।
सपा नेता भी भाजपा में शामिल-
मथुरा की नगर पंचायत राया के निर्दलीय चेयरमैन राकेश शर्मा, सोंख से भरत सिंह, गोवर्धन से खेमचन्द्र शर्मा व राधाकुंड से टिम्टू भी भाजपा में शामिल हुए हैं। सीतापुर के सामाजिक कार्यकर्ता गौरव शर्मा (अंशू), बसपा पयागपुर (बहराइच) विधानसभा के पूर्व प्रभारी ऋषभ तिवारी व सपा के रायबरेली विधानसभा के महासचिव राजेश तिवारी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।