19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP में फ्यूल के लिए मारामारी: पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़, सपा सांसद बोले- महंगाई इतनी बढ़ेगी कि आसमान छोटा पड़ जाएगा

पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश में फ्यूल के लिए मारामारी हो रही है। यूपी के कई पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी। फ्यूल की समस्या की खबरों पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सांसद ने प्रतिक्रिया दी है।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Vinay Shakya

May 19, 2026

Fuel crisis in UP

UP में फ्यूल की किल्लत पर सपा सांसद ने सरकार पर साधा निशाना (Image: Patrika)

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर फ्यूल नहीं मिल रहा है। फ्यूल लेने के लिए पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। आगरा, गोरखपुर, बहराइच, महराजगंज, बस्ती, मऊ, देवरिया, श्रावस्ती और संत कबीरनगर जिले में कई पेट्रोल पंप पर फ्यूल लेने के लिए लोग मगजमारी कर रहे हैं। कई पेट्रोल पंपों पर फ्यूल खत्म हो गया है। हालांकि, तेल कंपनियों और अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।

सपा सांसद बोले- महंगाई इतनी बढ़ेगी कि आसमान छोटा पड़ जाएगा

उत्तर प्रदेश में फ्यूल की मारामारी और बढ़ी हुई कीमतों पर समाजवादी पार्टी के सांसद ने प्रतिक्रिया दी है। अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा- लगातार दामों में बढ़ोत्तरी हो रही है। पेट्रोल-डीजल के दामों में यह दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है। जिस तरह से दाम और महंगाई बढ़ रही है। ऐसा लगता है कि महंगाई इतनी बढ़ जाएगी कि आसमान छोटा हो जाएगा। सरकार के पास इसको रोकने के लिए कोई समाधान नहीं है।

अवधेश प्रसाद ने आगे कहा- भारत की सरकार अमेरिका के इशारे पर चल रही है। पूरे देश के लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। लोगों को सोचना पडे़गा कि उन्होंने किस तरह की सरकार बनाई है? देश और प्रदेश में सरकार की नाकामियों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

पेट्रोल पंप पर पुलिस तैनात, बाइक वालों को मिल रहा सिर्फ ₹200 का तेल

यूपी के कई जिलों में पेट्रोल पंप फ्यूल लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी है। मऊ और संतकबीर नगर में कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस तैनात है। पुलिस सुरक्षा के बीच ग्राहकों को पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। इसी तरह महराजगंज में मंगलवार को कई पेट्रोल पंप बंद कर दिए गए। कुछ स्थानों पर लोगों को पेट्रोल लेने के लिए मगजमारी करनी पड़ रही है। वहीं, बस्ती में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर लिमिट तय कर दी गई है। बस्ती में पेट्रोल पंपों पर बाइक वालों को 200 रुपए और कार वालों को 1000 रुपए का फ्यूल दिया जा रहा है।

फ्यूल की किल्लत पर क्या बोले जिम्मेदार?

UP में फ्यूल की किल्लत की खबरों पर जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि तेल कंपनियों और सरकार के पास पर्याप्त भंडार हैं। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उत्तर प्रदेश के राज्य स्तरीय समन्वयक के कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने बताया कि प्रदेश में 20 लाख लीटर पेट्रोल और 33 लाख लीटर डीजल की खपत प्रतिदिन की है। भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कुल 13168 पेट्रोल पंप हैं।

संजय भंडारी ने बताया कि हमारे पास 15 से 20 दिन का स्टॉक मेंटेन है। इसी तरह गैस कनेक्शन की संख्या यूपी में 4.88 करोड़ है। इसे वितरित करने के लिए 4143 एजेंसियां सक्रिय हैं। इसका भी स्टॉक 5 से 6 दिन का है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम उत्पादों की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही थीं, जिसके चलते कुछ जगहों पर अनावश्यक भीड़ और स्टॉक करने की घटनाएं सामने आईं। पूरी आपूर्ति व्यवस्था मजबूत है और किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है।