19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छह महीने पहले की थी लव मैरिज, पहले हाथ की नस काटी, अब फंदे पर मिली कोमल की लाश, पति पर हत्या का आरोप

Bareilly में लव मैरिज के छह महीने बाद एक युवती की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के शांति विहार में 18 वर्षीय कोमल मिश्रा का शव ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

2 min read
Google source verification
Young Woman Found Hanging Dead

मृतका का फाइल फोटो

बरेलीमें लव मैरिज के छह महीने बाद एक युवती की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के शांति विहार में 18 वर्षीय कोमल मिश्रा का शव ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

कैंट थाना क्षेत्र के लाल फाटक निवासी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी कोमल मिश्रा हाईस्कूल की छात्रा थी। उसी स्कूल में अमित मंडल भी पढ़ता था। करीब छह महीने पहले 4 अक्टूबर को अमित मंडल उसे अपने साथ भगा ले गया था। उस समय कोमल नाबालिग थी। परिवार ने पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रोते हुए पिता ने कहा अगर उस समय पुलिस कार्रवाई कर देती तो आज मेरी बेटी जिंदा होती। हमने बेटी की खुशी के लिए उसकी इंटरकास्ट शादी को भी स्वीकार कर लिया था, लेकिन हमें नहीं पता था कि उसकी जिंदगी इतनी जल्दी खत्म हो जाएगी।

दहेज को लेकर होता था विवाद

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही कोमल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पति, सास और ससुर उसे ताने देते थे कि वह दहेज में कुछ लेकर नहीं आई। आरोप है कि आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिवार के मुताबिक करीब एक महीने पहले भी कोमल पर जानलेवा हमला हुआ था। आरोप है कि उसके हाथ की नस काट दी गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने किसी तरह उसकी जान बचाई थी। अब परिजनों को शक है कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे।

सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक लड़ाई जारी रहेगी

मृतका के भाई अनुराग मिश्रा ने कहा कि उसकी बहन की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने फिलहाल आरोपी पति को हिरासत में लिया है, लेकिन सास, ससुर और अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उसने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, परिवार न्याय की लड़ाई जारी रखेगा। सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।