Saras News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सारस और बारहसिंघा को बचाने के लिए ये अहम फैसला लिया है।
उत्तर प्रदेश में सारस और बारहसिंघा हिरण के लिए विशेष पार्क बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वन विभाग के अधिकारियों को इसके लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने अफसरों से कहा है कि जंगलों के बीच राज्य पक्षी सारस और राज्य पशु बारहसिंगा के लिए विशेष पार्क तैयार किए जाएं।
पर्यावरण को बचाना बहुत जरूरी: CM
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जलोत्सव महीने का शुभारंभ करते हुए पर्यावरण के लिए चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण बहुत जरूरी है। हमें अपने वन्य जीवों को भी बचाना होगा। ऐसे में वन विभाग सारस और बारहसिंघा को बचाने के लिए अलग से पार्क बनाए। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए CSR फंड का उपयोग करने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग को प्रदेश के घने जंगलों को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने के लिए भी कहा है। साथ ही वनों में मौजूद जलाशयों की साफ सफाई और उनके चारों तरफ पौधारोपण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में लगे 100 करोड़ से ज्यादा पेड़
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया है कि बीते 6 साल में उत्तर प्रदेश में 100 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगे हैं। सरकार ने फॉरेस्ट कवरेज बढ़ाया है जिससे वन्यजीवों की संख्या भी बढ़ी है। सरकार ने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी कई कदम उठाए हैं।