लखनऊ

कार्तिक स्नान मेला पर उजाड़े गए सैकड़ों दुकानदार, अनुमति की उम्मीद में खुले आकाश के नीचे काट रहे रात

हर साल पूरे प्रदेश से आये दुकानदार यहां अपनी दुकानें लगाते हैं।

2 min read
Nov 04, 2017

लखनऊ. कार्तिक स्नान और कतकी मेला के मौके पर लखनऊ के नबी उल्ला रोड पर लगने वाली सैकड़ों दुकानों को अनुमति न मिलने पर दुकानदारों ने जिला प्रशासन से दुकानें लगवाने की मांग की। दुकानदारों का कहना है कि यहां सालों से दुकाने लगाते आ रहे हैं। शुक्रवार की रात उन्हें कोई जानकारी दिए बिना दुकानें हटा दी गईं। शनिवार को दुकानदारों ने लखनऊ के जिलाधिकारी के आवास पर पहुंचकर दुकानें लगाने के लिए अनुमति मांगी।

45 दिनों तक चलता है मेला

खुर्जा से आये कुरैश खान ने बताया कि हर साल पूरे प्रदेश से आये दुकानदार यहां अपनी दुकानें लगाते हैं। इस जगह पर 45 दिनों तक कार्तिक स्नान का मेला चलता है और सैकड़ों परिवारों के लिए यह मेला रोजी-रोटी का जरिया रहा है। शुक्रवार की रात पूरे प्रदेश से आये दुकानदार अपने सामान उतारकर दुकान लगाने का इन्तजार करते रहे लेकिन प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी। इसके बाद दुकानदार अपने परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ अनुमति का इन्तजार करते रहे। अपनी समस्या को लेकर दुकानदारों ने प्रदेश के डिप्टी सीएम डाक्टर दिनेश शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने डीएम के पास भेजा जिसके बाद सारे लोग डीएम आवास पर पहुंच गए।

पूरे प्रदेश से आते हैं दुकानदार

कानपुर से आये अब्दुल मजीद ने बताया कि वे मेले में पिछले 40 सालों से अपनी दुकानें लगा रहे हैं। इस मेले में कानपुर, बुलंदशहर, दिल्ली सहित पूरे प्रदेश से आये दुकानदार अपनी दुकानें लगाते हैं। मेले में कांच के सामान, खिलौने, सजावट की चीजें, महिलाओं की श्रृंगार सामग्री जैसे सामान बेचते हैं और यह मेला एक तरह से उनके लिए साल भर की कमाई का जरिया होता है। दुकानदारों ने मांग की है कि उन्हें दुकान लगाने के लिए अनुमति दी जाए।

यह भी करें - आम आदमी पार्टी में घमासान, बागी नेता ने घूसखोरी का आरोप लगाकर पार्टी के खिलाफ की कार्रवाई की मांग

Published on:
04 Nov 2017 07:57 pm
Also Read
View All