11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP Politics: ‘BJP नेताओं से चुपचाप भेंट करते हैं अखिलेश यादव’, कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर का बड़ा बयान

UP Politics: मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खनन घोटाले में जेल से बचने के लिए भाजपा नेताओं से अखिलेश यादव चुपचाप भेंट करते हैं।

3 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Harshul Mehra

May 11, 2026

akhilesh yadav secretly meets bjp leaders to avoid jail in mining scam says op rajbhar up politics

अखिलेश यादव पर ओपी राजभर ने साधा तीखा निशाना। फोटो सोर्स-IANS

UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जेल से बाहर इसलिए हैं कि वे दिन में BJP के खिलाफ बोलते हैं और रात में गुलदस्ता लेकर BJP नेताओं के यहां भेंट करने के लिए जाते हैं।

अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तंज

दरअसल, मंत्री ओम प्रकाश राजभर अखिलेश यादव के पास ज्यादा पैसों वाली टिप्पणी पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव ऑस्ट्रेलिया से पढ़कर आए, लेकिन उन्होंने कौन-सी फैक्ट्री लगाई। पिछले 2 बार से मुख्यमंत्री भी नहीं बने हैं। उनके अपने शासनकाल में विकास के नाम पर घोटाले हुए और खनन घोटाले में अखिलेश यादव का भी नाम है। उसी घोटाले में गायत्री प्रजापति जेल काट रहे हैं, जबकि अखिलेश यादव बाहर हैं।"

'PM मोदी और CM योगी आदित्यनाथ के यहां भेंट करने जाते हैं'

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने आगे कहा, "अखिलेश यादव इसलिए बाहर हैं कि दिन में BJP के खिलाफ बोलते हैं और रात में गुलदस्ता लेकर PM मोदी और CM योगी आदित्यनाथ के यहां भेंट करने के लिए जाते हैं। वे इसलिए जाते हैं कि सरकार आप (भाजपा) बनाए और हमें (सपा) सिर्फ बोलने का अवसर दिया जाए। हम जिंदा रहेंगे तो आपकी सरकार खूब बनेगी।"

'भैंस को आकाश में उड़ाना चाहते हैं अखिलेश'

राजभर ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव दोपहर में 12 बजे सो कर उठते हैं। वे सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं और प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। इसके सहारे वो भैंस को आकाश में उड़ाना चाहते हैं। सुभासपा के अध्यक्ष ने कहा, "वे (अखिलेश यादव' किराए के जहाज से जाते हैं। इसका पैसा कहां से आता है? उनकी कोई फैक्ट्री बताएं, जो कहीं लगी हो। अखिलेश यादव का पूरा परिवार राजनीति है। वे PDA चला रहे हैं, लेकिन वह PDA 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' है। अखिलेश यादव ने प्रदेश के खजाने को लूटकर अपने पास रखा है। उसी से वे जिंदगी के मजे ले रहे हैं।"

'वो करें तो रासलीला, हम करें तो कैरेक्टर ढीला'

कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश यादव के सवालों को लेकर भी राजभर ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव कौन-सी नई बात बोल रहे हैं? बहुजन समाज पार्टी से हमसे कम तीन दर्जन पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री समाजवादी पार्टी में हैं। अखिलेश यादव के हिसाब से वे अच्छे हैं। मतलब कि 'वो करें तो रासलीला, हम करें तो कैरेक्टर ढीला।' उन्हें इस बारे में खुद सोचना चाहिए।" राजभर ने आगे कहा, "क्या नसीमुद्दीन सिद्दीकी और इंद्रजीत सरोज जैसे नेता उनकी पार्टी के कैडर के हैं? ऐसे तीन दर्जन नेता सपा में हैं। अगर नेता उनके दल से निकलकर दूसरे दल में चले जाएं तो खराब है, और दूसरे दल से उनके दल में चले जाएं, तो बहुत अच्छे हैं।"

'CM पद के लिए कांग्रेस में आपसी खींचतान'

PM नरेंद्र मोदी की वैश्विक संकट के बीच देशवासियों से अपील पर राजभर ने कहा, "निश्चित रूप से युद्ध के दौरान पड़ोसी देशों में समस्याएं होती हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी ने जो अपील की है, वह बिल्कुल सही है।" केरल में CM चुनने में देरी पर राजभर ने कांग्रेस पार्टी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "CM पद के लिए कांग्रेस में आपसी खींचतान है। पार्टी के अंदर लगातार यही स्थिति है। वहां कांग्रेस पार्टी के साथ कई दल सरकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में दावेदार भी ज्यादा हैं और उन्हें मनाने की दिक्कत होती है।"

शशि थरूर के बयान पर भी जवाब दिया

वहीं, ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के भी बयान पर जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि 'बंगाल में वोट काटे गए, जिससे BJP जीती'। राजभर ने कहा कि उन्हें (शशि थरूर) धरातल पर उतरकर देखना चाहिए कि TMC और लेफ्ट पार्टियों के शासन से लोग ऊब चुके थे। गुंडागर्दी, तानाशाही और लूटपाट जैसी घटनाओं से तंज आकर लोगों ने BJP को वोट दिया है।"