
लखनऊ.आम आदमी पार्टी की चुनावी जंग से पहले ही पार्टी के नेता आपस में लड़ते और एक दूसरे पर आरोप लगाते दिख रहे हैं। पार्टी नेता प्रवीण विश्वकर्मा ने चुनाव आयोग से लिखित शिकायत करते हुए पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर पार्टी नेता गौरव माहेश्वरी ने कहा है कि यदि उनके खिलाफ आरोप साबित हो जाएं तो वे राजनीति से जीवन भर के लिए सन्यास ले लेंगे।
आयोग से की गई लिखित शिकायत
राज्य निर्वाचन आयोग में आम आदमी पार्टी के नेता प्रवीण विश्वकर्मा ने शनिवार को लिखित शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी ने उन्हें पार्षद प्रत्याशी घोषित किया था। बाद में उनसे यह कहकर 40 हज़ार रूपये की मांग की गई कि मेयर का चुनाव भी इन्हीं पैसों से लड़वाना है। लिखित शिकायती पत्र में पार्टी के नेता गौरव माहेश्वरी और पर्यवेक्षक श्याम कुमार सिंह पर आरोप लगाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनका टिकट काटकर जिस प्रत्याशी को टिकट दिया गया है, उससे रूपये लिए गए हैं। लिखित शिकायती पत्र में मांग की गई है कि पार्टी को चुनाव में हिस्सा लेने से रोका जाये।
पार्टी ने किया आरोपों का खंडन
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता गौरव माहेश्वरी ने आरोपों का खंडन करते हुए इसे राजनैतिक आरोप बताया है। गौरव ने सफाई देते हुए कहा है कि जिस साक्ष्य के आधार पर आरोप लगाया गया है, उसे सामने लाया जाये। यदि उनके खिलाफ आरोप साबित हो जाते हैं तो वे जीवन भर के लिए राजनीति से सन्यास ले लेंगे। गौरव ने कहा कि टिकट नहीं मिलने के कारण इस तरह के अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें - प्रेग्नेंसी में महिलाओं के लिए फायदेमंद है यह फल, ब्लडप्रेशर, डिप्रेशन और कब्ज से भी दिलाता है राहत
Published on:
4 Nov 2017, 5:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.