उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर कांग्रेस के साथ यूपी की लोकसभा सीटों को लेकर हुए बंटवारे की जानकारी दी है।
Lucknow: बिहार में चल रहे सियासी उठापटक के बीच इंडिया गठबंधन के लिए उत्तर प्रदेश से राहत भरी खबर आई है। यूपी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर सहमति बन गई है। यूपी में कांग्रेस 11 सीटों पर चुनाव लडे़गी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर इसकी घोषणा करते हुए दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा और भाजपा को हराएगा। सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर लिखा "इंडिया गठबंधन की सौहार्दपूर्ण शुरुआत के बीच यूपी में सीटों की बंटवारा हो गया है। इस बार उनकी पीडीए की रणनीति इतिहास बदल देगी।"
सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर अखिलेश ने दी जानकारी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया X अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा "कांग्रेस के साथ 11 मजबूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है… ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा। ‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी।" हालांकि उन्होंने अभी यह साफ नहीं किया है कि उत्तर प्रदेश की बची 69 सीटों में से समाजवादी पार्टी के खाते में कितनी सीटें आ रही हैं। बहरहाल उनके इस ट्वीट से यूपी की सियासी चाल बदल गई है।
कांग्रेस किन 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी वो अभी तय नहीं
यूपी में सपा ने कांग्रेस को 11 सीटें देने का ऐलान किया है। इनमें से 2 सीट तो अमेठी और रायबरेली मानी ही जा रही है। इसके अलावा 9 अन्य सीटें कौन सी दी गई है। इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। खबरों के मुताबिक कांग्रेस पश्चिमी यूपी की चार सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। पश्चिमी यूपी के अलावा पूर्वांचल और बुंदेलखंड में भी कांग्रेस को सीटें दी जा सकती है।