
Ramji Lal Suman UP MLC Elections: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव परिणाम आ गया है। यूपी एमएलसी चुनाव परिणाम को लेकर प्रदेश की राजनीति का माहौल गर्माया हुआ है। इस रिजल्ट से समाजवादी पार्टी काफी उत्साहित है। सपा ने दावा किया है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है और अखिलेश यादव एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।
एमएलसी चुनाव परिणाम पर खुशी जताते हुए समाजवादी पार्टी के नेता रामजी लाल सुमन ने कहा कि विधान परिषद चुनावों के नतीजों से यह बिल्कुल साफ हो गया है कि 2027 समाजवादी पार्टी का है और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। बीजेपी पर हमला बोलते हुए सुमन ने कहा कि सरकार ने चुनाव को प्रभावित करने के लिए हर मुमकिन हथकंडा अपनाते हुए कोई कसर नहीं छोड़ी। मैं समाजवादी पार्टी में अपने बहादुर साथियों को धन्यवाद देता हूं। सरकार की चालें नाकाम रहीं और कुल मिलाकर चुनाव के नतीजे समाजवादी पार्टी के पक्ष में रहे हैं।
लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाया है। इस पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा है- ‘27 में आ रहे हैं अखिलेश’। इसमें पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के संदेश के साथ अयोध्या और काशी का जिक्र करते हुए पार्टी की राजनीतिक उम्मीदों को सामने रखा गया है। यह होर्डिंग अमेठी के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने लगवाया है। पोस्टर के जरिए पार्टी समर्थकों के बीच आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उत्साह और राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गई है।
MLC चुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कहा कि इस चुनाव ने निश्चित रूप से राज्य के पढ़े-लिखे तबके और युवाओं की भावनाओं को दिखाया है। लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने जहां भी चुनाव लड़ा, उसका वोट शेयर पिछले चुनाव की तुलना में कई गुना बढ़ा है। हमने कई नई सीटें जीती हैं, जबकि एडमिनिस्ट्रेटिव दबाव और भेदभाव के कारण कुछ दूसरी सीटें कम अंतर से हारी हैं। हर जगह जनता का सपोर्ट बढ़ा है।
MLC चुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी के MLC उम्मीदवार डॉ. संजन त्रिपाठी ने कहा कि मैंने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष को बता दिया है और उन्होंने इस बारे में एक ट्वीट भी किया है। हालांकि मैं चुनाव हार गया, लेकिन उन्होंने मुझे अपनी शुभकामनाएं दी हैं और भरोसा दिलाया है कि वह और पार्टी आगे की लड़ाई में हमारे साथ खड़े रहेंगे और हमें जिस भी तरह की जरूरत होगी, हमारा सपोर्ट करेंगे। त्रिपाठी ने आगे कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का शुक्रिया अदा किया है, जिन्होंने मुझे कम समय में ताकत और सपोर्ट दिया। उससे मैं यह चुनाव इतने असरदार तरीके से लड़ सका।