
लखनऊ. बीआरडी मेडिकल कालेज में अगस्त महीने में बच्चों की मौत की घटनाओं के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमिटी के सुझावों को लागू करने को लेकर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने विधान सभा सचिवालय में स्थित अपने कार्यालय में बैठक की। शुक्रवार को आयोजित बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने सुझावों के अनुपालन के लिए महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के प्रस्ताव के अनुसार प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा द्वारा गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की।
बैठक में मंत्री ने ने निर्देश दिये कि समितियाॅं स्पेसिफिक टर्म आफ रिफरेन्स बनाकर बैकग्राउण्ड एनालिसिस करते हुये आवश्यकतानुसार दिल्ली के मेडिकल कालेज, बीएचयू एवं एएमयू जैसे संस्थानों की व्यवस्था का अध्ययन कर सकती हैं, परन्तु प्रदेश के राजकीय मेडिकल कालेजों के सम्बन्ध में व्यावहारिक संस्तुतियां उपलब्ध कराना जरूरी है। यह भी निर्देश दिए कि अध्यक्ष आवश्यकतानुसार अन्य विशेषज्ञ को विशेष आमंत्री के रूप में समिति में आमंत्रित कर सकते है। एजेण्डा तय करते हुये समिति की तीन से पाॅंच बैठकें आयोजित कर गुणवत्तापूर्ण आख्या उपलब्ध कराया जाये।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने यह भी निर्देश दिये कि आवश्यक होने पर शासन के अधिकारीगण एवं महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण से भी चर्चा व अनौपचारिक बैठक कर कार्यवाही सम्पन्न की जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि समिति अपनी संस्तुतियों में आवश्यक रोडमैप, बजट, की जाने वाली गतिविधियों तथा माइलस्टोन्स का अंकन करते हुये कार्यवाही के लिये एजेंसी का भी उल्लेख करना सुनिश्चित करें। व्यवहारिक दृष्टिकोण से रोलआउट किये जाने वाली कार्ययोजना के विभिन्न बिन्दुओं का स्पष्ट उल्लेख किया जाये, जिससे प्रदेश के मेडिकल कालेजों एवं चिकित्सा संस्थानों में शिक्षण एवं उपचार की गुणवत्ता का स्तर और भी उच्च किया जा सके। उन्होंने समिति के क्रियाकलापों के सम्बन्ध में एक चेक लिस्ट समिति के अध्यक्षों को उपलब्ध कराते हुये प्रत्येक दशा में निर्धारित अवधि में अपनी संस्तुतियाॅं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये।
बैठक में महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण उप्र लखनऊ डा केके गुप्ता, विभागाध्यक्ष डिपार्टमेण्ट आफ हास्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन केजीएमयू लखनऊ डा यूबी मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एसजीपीजीआई लखनऊ डा अमित अग्रवाल, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष आर्थाेपेडिक्स विभाग केजीएमयू लखनऊ डा जीके सिंह, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष बालरोग विभाग केजीएमयू लखनऊ डा रश्मि कुमार, आचार्य बाल रोग विभाग केजीएमयू लखनऊ डा माला कुमार, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष फोरेंसिक मेडिसिन विभाग केजीएमयू लखनऊ डा एके वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक एवं विभागाध्यक्ष चिकित्सा प्रबन्धन एसजीपीजीआई लखनऊ डा हेम चन्द्र तथा आचार्य एवं विभागाध्यक्ष बायोकेमेस्ट्री विभाग केजीएमयू लखनऊ डा अब्बास अली मेंहदी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।