लखनऊ

लखनऊ पहुंचीं भारत-वेस्टइंडीज की टीमें, नवाबी फूड का लुत्फ उठाएंगे खिलाड़ी

राजधानी के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार होने वाले टी-20 मैच के लिए भारत व वेस्टइंडीज की टीमें लखनऊ पहुंच गई हैं।

3 min read
Nov 05, 2018
लखनऊ पहुंचीं भारत-वेस्टइंडीज की टीमें, नवाबी फूड का लुत्फ उठाएंगे खिलाड़ी

लखनऊ. राजधानी के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार होने वाले टी-20 मैच के लिए भारत व वेस्टइंडीज की टीमें लखनऊ पहुंच गई हैं। राजधानी स्थित अमौसी एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर 12.15 बजे दोनों टीमें पहुंचीं। इस दौरान लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। खिलाड़ियों को देखने के लिए काफी संख्या में फैंस भी मौजूद रहे। टीम इंडिया होटल हयात में ठहरी है तो वहीं वेस्टइंडीज की टीम के लिए होटल ताज में ठहरने की व्यवस्था है। बता दें कि राजधानी लखनऊ में ये पहला इंटरनेश्नल टी-20 आयोजित किया जा रहा है। इसी कारण दर्शकों में इसको लेकर काफी उत्साह है। राजधानी में लगभग 24 बाद कोई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा है।

स्टेडियम के बारे में

ये भी पढ़ें

भारत-वेस्टइंडीज इकाना टी-20 मैच के लिए तैयार हुआ ये प्लान

इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम 77 एकड़ में शहीद पथ के किनारे बना है जिसमें पचास हजार दर्शक एकसाथ क्रिकेट मैच का आनंद उठा सकते है। फ्लड लाइट की व्यवस्था स्टेडियम में मौजूद है। पिच बनाने के लिए महाराष्ट्र और ओडिसा (उड़ीसा) से मिट्टी मंगाई गई थी। स्टेडियम को इकाना स्पोर्टस कंपनी ने बनाया है। ग्राउंड 90 मीटर का सर्किलनुमा है। इस स्टेडियम में दर्शकों के बैठने के लिए स्टेडियम की क्षमता लगभग 50 हजार है।

इकाना की ये है खासियत

-लगभग 50 हजार की क्षमता वाला स्टेडियम को यूपी में सबसे ज्यादा दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम माना जा रहा है

-फ्लड लाइट्स होने के कारण यहां डे-नाइट मुकाबला भी संभव है।

- इकाना को मैच मिलने का कारण लखनऊ की सुविधाएं भी हैं। राजधानी में एयरपोर्ट, फाइव स्टार होटल समेत तमाम ऐसी सुविधाएं जिससे मैच का आयोजन आसानी से हो जाता है।

नवाबी फूड का उठाएंगे लुत्फ

होटल में वेस्टइंडीज की टीम के लिए कैरेबियन फूड की व्यवस्था है। इसके लिए वहां पर तैनात कांटीनेंटल शेफ उनका विशेष इंतजाम करेंगे। इसके अलावा उनके लिए लखनवी जायके का भी विशेष इंतजाम किया जाएगा. कैरेबियन फूड में फ्लोरिबन रिब्स विद ब्लेक आइड पी, ट्रॉपिकल फिस्टा स्टीक, कुबन ब्लैक बीन सूप, जमाइकन जर्क चिकन, जर्क मैरियेंटेड चिकन, कैरेबियन टोफू विद ब्लैक बीन राइस, कुबन पुल्ड पोर्क सैंडविच समेत लंबी डिशेज की लिस्ट शामिल हैं.एक खास फूड जो टीम इंडिया और वेस्ट इंडीज के लिए तैयार होगा वो है नवाबी फूड। होटल ताज में टीम इंडिया के लिए तय फूड ही दिया जाएगा, लेकिन यहां पर भी लखनवी चिकन भी परोसा जाएगा। इसके अलाव टुंडे कबाब, बिरयानी समेत लखनऊ की तमाम टेस्टी डिशेज उपलब्ध होंगी। बता दें विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन समेत तमाम खिलाड़ियों की पसंद नपसंद का भी खास ख्याल यहां रखा जाएगा।

स्टेडियम तैयार

इस टी-20 मैच के लिए इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है। स्टेडियम और आस-पास के इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। साथ ही पूरा स्टेडियम सीसीटीवी की जद में होगा। सुरक्षा के मद्देनजर करीब दो किमी दूर पार्किग बनाई गई है। मैच के तीन दिन पहले से ही शहर के सभी इंट्री व एक्जिट प्वाइंट्स पर चेकिंग शुरू कर दी गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि जिनके पास टिकट या पास नहीं होंगे, उन्हें किसी भी सूरत में स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मैच के दिन टिकटों की बिक्री नहीं होगी। स्टेडियम में प्रवेश करने वाले हर शख्स को मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना पड़ेगा. इसके अलावा सुरक्षा कर्मियों द्वारा सभी की तलाशी ली जाएगी। एसएसपी ने बताया कि स्टेडियम के दो किलोमीटर की परिधि में 25 पार्किंग स्थल बनाये गए हैं। इन्हीं पार्किंग में वाहन खड़ा करने की अनुमति रहेगी। पार्किंग स्थल से स्टेडियम के बाहरी गेट तक फेरी बसों का संचालन किया जाएगा।

स्टेडियम तक चलेंगी 50 सिटी बसें

मुकाबले के दिन शहर के कई इलाकों से स्टेडियम के लिए करीब 50 सिटी बसें भी चलाई जाएंगी। दो बसें बाराबंकी से चलेंगी, जबकि बाकी चारबाग, एयरपोर्ट तिराहा, मुंशीपुलिया, बीकेटी, मड़ियांव, तेलीबाग स्थित शनि मंदिर, हजरतगंज, अलीगंज, कपूरथला और अवध अस्पताल चौराहे से चलेंगी। सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी आरिफ सकलैन ने बताया कि बसों के रूट का सर्वे जल्द ही पूरा हो जाएगा। स्टेडियम के पास कई ओला-उबर पॉइंट भी बनाए जाएंगे। सभी पॉइंट अर्जुनगंज चौराहे की तरफ होंगे। मैच देखने के लिए सैकड़ों दर्शकों के ओला-उबर से ही स्टेडियम तक आने के आसार हैं। ये गेट हर टिकट का बारकोड स्कैन होने के बाद खुलेंगे और फिर बंद हो जाएंगे। पूरे स्टेडियम में ऐसे 65 गेट लगाए गए हैं। डीएम कौशलराज शर्मा ने बताया कि इसके अलावा हर एंट्री व एक्जिट पॉइंट पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

ये भी पढ़ें

इकाना स्टेडियम के पास दर्दनाक सड़क हादसा, दो की मौत, तीन की हालत नाजुक
Published on:
05 Nov 2018 01:28 pm
Also Read
View All