लखनऊ

बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था नबील! यूपी ATS ने आजमगढ़ से दबोचा, पाकिस्तान-ISIS लिंक की जांच तेज

ATS के अनुसार नबील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियां कर रहा था। उस पर युवाओं को आतंकी विचारधारा से जोड़ने का आरोप है। नबील अल कायदा इंडियन सब-कॉन्टिनेंट की विचारधारा से प्रभावित बताया गया है।
2 min read
Sep 12, 2026
uttar pradesh police logo
उत्तर प्रदेश पुलिस का लोगो (फोटो एएनआई)

UP ATS Arrests Al Qaeda Terrorist Azamgarh Nabeel: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने शनिवार को आजमगढ़ के एक 19 वर्षीय युवक को अल कायदा इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान मोहम्मद नबील के रूप में हुई है। ATS ने बताया कि नबील सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संपर्क साधने और उन्हें चरमपंथी विचारधारा की ओर प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था।

एजेंसी के मुताबिक वह एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ा हुआ था, जिसमें सदस्य कोड शब्दों का इस्तेमाल कर बातचीत करते थे। इस ग्रुप के जरिए युवाओं को मुजाहिद बनने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है। ग्रुप में जिहाद, चाकू, केमिकल, प्लान, ट्रिप, पेन, जूस और प्रोजेक्ट जैसे कोड शब्दों का इस्तेमाल किया जाता था।

चरमपंथी साहित्य और विदेशी ट्रेनिंग की योजना

जांच में सामने आया कि ग्रुप में आतंक से जुड़े साहित्य और चरमपंथी विचारधारा से संबंधित सामग्री साझा की जा रही थी। ATS का दावा है कि ग्रुप में पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर आतंकी प्रशिक्षण लेने संबंधी चर्चाएं भी हुईं। जांचकर्ताओं को विस्फोटक पदार्थ बनाने संबंधी जानकारी और सामग्री हासिल करने से जुड़ी बातचीत के भी सबूत मिले हैं। एजेंसी ने इन डिजिटल संवादों और अन्य व्यक्तियों से संभावित लिंक की गहन जांच शुरू कर दी है, ताकि किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

जांच में सामने आया कि नबील ने ग्रुप में जिहाद करने के 44 तरीके नाम की किताब शेयर की थी। इस किताब को AQIS के पूर्व प्रमुख आतंकी मौलाना आसिम उमर से जुड़ा बताया गया है। इसके अलावा तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल किताब भी साझा की गई। आरोपी के मोबाइल से 'Flames of War' जैसे अन्य व्हाट्सऐप ग्रुपों से जुड़ाव की जानकारी मिली, जिनमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत कई देशों के लोग जुड़े हुए थे।

मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

ATS ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नबील को अदालत में पेश किया जा रहा है। आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। एजेंसी इस मामले में डिजिटल सबूतों की विस्तृत जांच कर रही है और किसी अन्य शामिल व्यक्ति की पहचान करने पर फोकस कर रही है।

आतंकवादी विचारधारा के खिलाफ एटीएस को बड़ी सफलता

यह कार्रवाई राज्य में आतंकवादी विचारधारा के प्रसार को रोकने की दिशा में ATS की निरंतर मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को गुमराह करने की कोशिशों पर नजर रखी जा रही है।

इस गिरफ्तारी से उत्तर प्रदेश में आतंकवाद विरोधी अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है। ATS आगे भी ऐसे संदिग्ध तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का इरादा रखती है। पूरा मामला अदालत के अधीन है और जांच प्रगति पर है।

Updated on:
12 Sept 2026 06:26 pm
Published on:
12 Sept 2026 05:27 pm