लखनऊ

यूपी की 10 सीटों पर रार, अखिलेश बोले- उपचुनाव में भाजपा को हराने के लिए फील्ड में उतरी जनता

UP Bypoll 2024: उत्तर प्रदेश में दस विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसी बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भाजपा पर तंज कसा है।

2 min read
Aug 14, 2024
UP Bypoll 2024

UP Bypoll 2024: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “आगामी उपचुनाव में भी भाजपा को हराने के लिए जनता फील्ड में उतर चुकी है। भाजपा कुछ अधिकारियों को हटाने का कितना भी शासकीय-प्रशासकीय नाटक कर ले, कोई उनको पराजय से रोक नहीं सकता। देखना ये भी है कि उनकी जगह जो अफसर आएंगे, उनकी निष्पक्षता पर मोहर कौन लगाएगा।”

‘अगर भाजपा जन-विरोधी नहीं होती तो आज…’

उन्होंने आगे लिखा, “भाजपा उपचुनावों में अपनी 10/10 की हार के अपमान से बचने के बहाने ना ढूंढे। अगर भाजपा जन-विरोधी नहीं होती तो आज ये दिन नहीं देखने पड़ते। महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी, पुलिस भर्ती, नीट परीक्षा, महिला-सुरक्षा, संविधान और आरक्षण की रक्षा, नजूल भूमि जैसे मुद्दों से लड़ने के लिए भाजपा कब और किसे नियुक्त करेगी?”

सपा मुखिया ने कहा, “कुछ विशेष अधिकारियों को चुनावी जिम्मेदारी से हटाने की बात कहकर, भाजपाइयों ने ये बात स्वीकार कर ली है कि उनकी सरकार में शायद कुछ चुनावी घपले अधिकारियों के स्तर पर होते हैं। ये भाजपा की अपनी सरकार के साथ-ही-साथ चुनाव आयोग के ऊपर भी है। चुनाव आयोग स्वत: संज्ञान ले।”

यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर होना है उपचुनाव

गौरतलब हो कि उत्तर प्रदेश में दस विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। अभी इनमें से पांच सीटें एनडीए तो पांच सपा की हैं। यूपी की फूलपुर, खैर, गाजियाबाद, मझवां, मीरापुर, मिल्कीपुर, करहल, कटेहरी और कुंदरकी के विधायक इस बार लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बन गए हैं। ये नौ सीटें इस तरह खाली हुईं और दसवीं सीट सीसामऊ सपा विधायक इरफान सोलंकी की आपराधिक मुकदमे में सदस्यता रद्द होने के कारण खाली हुई है। इन सीटों पर उपचुनाव की अभी घोषणा नहीं हुई है।

Also Read
View All

अगली खबर