लखनऊ

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अचानक बिगड़ी तबीयत, पार्टी कार्यालय में हुए बेहोश, मेदांता में भर्ती

UP Congress President Ajay Rai Health : यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय लखनऊ पार्टी दफ्तर में कार्यक्रम के दौरान बेहोश हो गए। मेदांता अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों ने बताया सोडियम की कमी के कारण बिगड़ी तबीयत। फिलहाल स्थिति स्थिर है।

2 min read
May 01, 2026
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष की बिगड़ी तबीयत, PC- X(devanshu_mani)

लखनऊ : लखनऊ में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां फिलहाल वे डॉक्टरों की सघन निगरानी में हैं।

शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय (माल एवेन्यू) में श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शिक्षक एवं डॉक्टर सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय समेत कई दिग्गज मौजूद थे। चश्मदीदों के मुताबिक, अजय राय यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को एयरपोर्ट छोड़कर वापस दफ्तर लौटे थे।

ये भी पढ़ें

मैच में लाखों का सट्टा हारा कारोबारी, अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से कूदा, 9 महीने पहले हुई थी लव-मैरिज

तभी अचानक उन्हें सीने में बेचैनी महसूस हुई। उन्होंने अपने सहयोगियों से कहा, 'घबराहट हो रही है, मुझे घर ले चलो।' साथी उन्हें तेलीबाग स्थित उनके आवास ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी स्थिति गंभीर हो गई और वे अचेत हो गए। इसके बाद बिना देरी किए उन्हें मेदांता अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

हार्ट अटैक और स्ट्रोक की आशंका

अजय राय की उम्र और लक्षणों (सीने में दर्द और बेहोशी) को देखते हुए डॉक्टरों को शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक या ब्रेन स्ट्रोक का संदेह था। अस्पताल पहुंचते ही कार्डियोलॉजी और क्रिटिकल केयर विभाग के विशेषज्ञों की टीम ने कमान संभाल ली।

ब्लड टेस्ट: हार्ट अटैक की पुष्टि के लिए 'ट्रॉप टी' (Trop-T) और 'ट्रॉप आई' (Trop-I) टेस्ट कराए गए।

सीटी स्कैन: ब्रेन स्ट्रोक की आशंका को खारिज करने के लिए तत्काल मस्तिष्क का सीटी स्कैन किया गया।

गंभीर समस्या नहीं: राहत की बात यह रही कि हार्ट से जुड़ी सभी प्रारंभिक जांचें नॉर्मल आईं और स्ट्रोक की पुष्टि भी नहीं हुई।

क्या थी बेहोशी की असली वजह?

मेदांता लखनऊ के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने मेडिकल बुलेटिन में स्पष्ट किया कि अजय राय के शरीर में सोडियम का स्तर (Sodium Level) काफी कम हो गया था। मेडिकल भाषा में इसे 'हाइपोनेट्रेमिया' कहा जाता है, जिसके कारण चक्कर आना, कमजोरी और बेहोशी जैसे लक्षण पैदा होते हैं। भीषण गर्मी और काम की अधिकता की वजह से इलेक्ट्रोलाइट इम्बैलेंस होना इसका मुख्य कारण माना जा रहा है।

फिलहाल कैसी है स्थिति?

ताजा अपडेट के अनुसार, अजय राय को अब होश आ गया है और वे बातचीत कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति अब स्थिर है और खतरे जैसी कोई बात नहीं है। खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की भीड़ जमा हो गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय और विपक्षी दलों के नेताओं ने भी फोन कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना है।

ये भी पढ़ें

बृजभूषण सिंह के सपा में आने के सवाल पर क्या बोले अखिलेश यादव, जानें पूरा मामला
Published on:
01 May 2026 08:53 pm
Also Read
View All