लखनऊ

यूपी के इन सांसदों ने पीएम मोदी के साथ ली शपथ, देखें पूरी लिस्ट

राष्ट्रपति भवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी ने दोबारा पीएम पद की शपथ ली। इसी के साथ कई सांसदों ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

3 min read
May 30, 2019
Swearin in ceremony

लखनऊ. राष्ट्रपति भवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी ने दोबारा प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ कुल 58 सांसद मोदी कैबिनेट में शामिल हुए। मंत्रिपरिषद में 25 कैबिनेट मंत्री, 24 राज्यमंत्री व 9 स्वतंत्र प्रभार शामिल हैं। वहीं यूपी से भी कई सांसदों को भी इसमें शामिल किया गया हैं। अमेठी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को मात देने वाली भाजपा सांसद स्मृति ईरानी को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई है। वहीं बरेली से आठवीं बार सांसद चुने गए संतोष गंगवार को एक बार फिर राज्यमंत्री पद का दर्जा मिला है। इसी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने भी समारोह में कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। वहीं गाजियाबाद से वीके सिंह भी मंत्रिपरिषद में शामिल हुए हैं। मुजफ्फरनगर से सांसद बने संजीव कुमार बलियान ने भी समारोह में शपथ ग्रहण की।

राजनाथ सिंह- राजनाथ सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने 2005 से 2009 और 2013 से 2014 तक पार्टी अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। वे 2000 में राज्य की राजनीति के क्षेत्र में तब पहुंचे थे, जब उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। 2014 के बाद 2019 में फिर लखनऊ से उन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस बार भी उन्हें केंद्रीय गृहमंत्री का पद दिया गया है।

स्मृति ईरानी- टीवी की दुनिया से राजनीति के चरम पर पहुंचने वाली स्मृति ईरानी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके गढ़ अमेठी में हराया। पिछले मोदी मंत्रिमंडल में, ईरानी ने तीन विभागों - मानव संसाधन विकास मंत्रालय, सूचना और प्रसारण मंत्रालय और कपड़ा मंत्रालय - में सेवा दी।

महेंद्र नाथ पांडेय- 2014 में केंद्र की भाजपा सरकार में मंत्री रहे महेंद्र नाथ पांडेय ने भी कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। महेंद्र नाथ पांडेय छात्र जीवन से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव के बाद वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे।

वीके सिंह- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय कुमार सिंह, जिन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में बाहरी मामलों के राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया, इस 17वीं लोकसभा चुनाव में यूपी के गाजियाबाद निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुने गए। सिंह ने समाजवादी पार्टी के सुरेश बंसल को 5,01,500 मतों के अंतर से हराया। वीके सिंह राज्यमंत्री बने हैं।

साध्वी निरंजन ज्योति- अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली साध्वी निरंजन ज्योति एक बार फिर यूपी के फतेहपुर से सांसद चुनी गई हैं। पिछली भाजपा सरकार में उनके पास खाद्य संस्करण विभाग था। वह राज्यमंत्री थी। इस बार भी उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है।

संजीव कुमार बलियान- मुजफ्फनगर से सांसद बने संजीव कुमार बलियान भी राज्यमंत्री बने हैं। संजीव पश्चिम यूपी में भाजपा के बड़े चहरे है। उन्होंने रालोद के अजीत सिंह को बड़े अंतर से लोकसभा चुनाव में हराया है। वे हरियाणा सरकार में सरकारी पशु चिकित्सक भी रह चुके हैं।

संतोष गंगवार- संतोष गंगवार आठवीं बार बरेली लोकसभा सीट से सांसद चुने गए है। संतोष ने राज्‍यमंत्री स्‍वतंत्र प्रभार की शपथ ली। पिछली सरकार में वे स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और राज्य मंत्री रहे। उनके पास वित्त, कपड़ा, श्रम और रोजगार मंत्रालय था। इससे पहले अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में वे पेट्रोलियम राज्य मंत्री थे।

Updated on:
30 May 2019 09:53 pm
Published on:
30 May 2019 09:27 pm
Also Read
View All