UP primary teacher recruitment news : यूपी के 20 से 25 लाख अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। शिक्षा मंत्री ने साफ स्पष्ट कर दिया है कि नए शिक्षकों की भर्ती नहीं होगी।
उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने का सपना देख रहे 20 से 25 लाख अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में स्पष्ट किया कि सरकार बेसिक शिक्षा परिषद के तहत नए शिक्षकों की भर्ती करने की फिलहाल कोई योजना नहीं बना रही है।
यह जवाब उन्होंने सपा विधायक अनिल प्रधान के लिखित प्रश्न पर दिया। अनिल प्रधान ने पूछा था कि क्या सरकार बेसिक शिक्षा विभाग में नई शिक्षक भर्ती निकालने जा रही है। इसके उत्तर में मंत्री ने बताया कि परिषद के स्कूलों में सहायक अध्यापक के 46,944 पद रिक्त हैं, लेकिन 2022 के बाद TET पास अभ्यर्थियों के लिए नए पद सृजित करने पर सरकार विचार नहीं कर रही। उनका कहना था कि परिषदीय विद्यालयों में फिलहाल पर्याप्त संख्या में शिक्षक और शिक्षा मित्र कार्यरत हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल प्रधान ने कहा कि प्रदेश के लाखों डीएलएड और TET पास युवा वर्षों से भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। भर्ती न निकलने के कारण वे अन्य राज्यों में आवेदन करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अदालत ने जिन शिक्षकों के लिए TET अनिवार्य करने की बात कही है, उस पर सरकार क्या कदम उठाएगी। साथ ही शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने तथा नई भर्ती शुरू करने को लेकर भी सरकार की मंशा स्पष्ट करने की मांग की।
गौरतलब है कि प्रदेश में आखिरी बड़ी भर्ती 2019 में 69 हजार सहायक अध्यापकों की हुई थी। बाद में अदालत के आदेश पर 5,886 अभ्यर्थियों को 2022 में नियुक्ति मिली। इसके बाद से अब तक कोई नई भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। 69 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़ा मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, जबकि हाईकोर्ट ने मेरिट सूची दोबारा जारी करने का निर्देश दिया था।