यूपी की अब तक की बड़ी खबरें।
लखनऊ. पत्रिका उत्तर प्रदेश का सभी पाठकों को सुबह सुबह का नमस्कार। आप सभी स्वस्थ्य रहें। खुश रहें। आपका दिन शुभ हो। दिन की शुरुआत से पहले आइए जान लेते हैं यूपी की आज की प्रमुख खबरें।
UP: बीजेपी में सियासी उलटफेर की अटकलें तेज, कल लखनऊ पहुंच रहे राधामोहन सिंह और बीएल संतोष
उत्तर प्रदेश में राजनीतिक उठापटक की सुगबुगाहट जोरों पर है। कयास लगाए जा रहे हैं कि योगी मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल हो सकता है। दरअसल, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष और उत्तर प्रदेश के भाजपा प्रभारी राधामोहन सिंह सोमवार को लखनऊ आएंगे। सोमवार दोपहर को राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष यूपी के प्रभारी राधा मोहन सिंह, सह प्रभारी संजीव चौरसिया, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल के साथ संगठन की एक बड़ी बैठक होगी। उसके बाद दोनों नेता बैठकों का दो तीन दौर और चलाएंगे जो सियासी उलटफेर के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं। बदलाव संगठन से लेकर सरकार में कही भी हो सकता है। इसके लिए दोनों नेता विधायकों से फीडबैक ले सकते हैं। यह फीडबैक दिल्ली दरबार में रखा जाएगा, जिसपर आगे का निर्णय दिल्ली में पार्टी केे दिग्गज नेता लेंगे।
उन्नाव: गंगा में जलस्तर बढ़ने से दूसरे दिन भी बहते दिखे शव, एसडीएम बोले- एक भी नहीं दिखा
उन्नाव के बारासगवर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से कटान जारी है। बक्सर श्मशान घाट में नदी के बीच रेत के टीला डूब गया है। कटान होने से टीले पर दफनाए गए शव दूसरे दिन भी बहते रहे। डीएम के निर्देश पर बीघापुर एसडीएम रविवार शाम को श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें तो कोई शव बहते हुए नहीं दिखा। आपको बता दें कि तीन जिलों की सीमा होने से जिले के अफसर अपनी बला टाल रहे हैं।
BHU के वैज्ञानिकों का दावा: कोरोना से उबरने वालों के लिए वैक्सीन की एक डोज ही काफी, PM को लिखी चिट्ठी
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के वैज्ञानिकों ने अपने शोध में यह पाया है कि एक बार कोरोना संक्रमित होकर ठीक हो चुके व्यक्ति के लिए कोविड वैक्सीन की एक डोज ही काफी है। वैज्ञानिकों का दावा है कि कोरोना संक्रमण से उबरने वाले लोगों में वैक्सीन की पहली डोज 10 दिन के अंदर पर्याप्त एंटीबॉडी बना देती है।
यूपी में वीकेंड लॉकडाउन के साथ 5 दिन खुलेंगी दुकानें, लखनऊ समेत 20 जिलों को नहीं मिली कोई छूट
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की योगी सरकार (Yogi Government) कोरोना कर्फ्यू (Corona Curfew) को लेकर बड़ा फैसला किया हैं। सरकार ने 1 जून से 5 दिन दुकानें खुलने की अनुमति दे दी है। जबकि नाईट कर्फ़्यू जारी रहेगा। सरकार ने 600 से ज्यादा एक्टिव वाले शहरों में किसी भी तरीके की छूट नहीं दिए जाने का फैसला लिया है। फिलहाल लखनऊ, मुरादाबाद, मेरठ समेत 20 शहरों में एक्टिव केस को देखते हुए कोई छूट नहीं दी गई है। अन्य शहरों को वीकेंड लॉकडाउन की नई गाइडलाइन के साथ खोला जाएगा। प्रदेश में दुकानें और बाजार अब सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक खोले जाने की अनुमति दी गई है। वहीं शनिवार व रविवार साप्ताहिक बंदी रहेगी। जिन जनपदों में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 30 जून तक 600 से अधिक है उन्हें फिलहाल कोई छूट अनुमति नहीं होगी।
कोरोना संक्रमित सपा सांसद आजम खान की हालत गंभीर, किडनी और चेस्ट में भी आई दिक्कत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में भर्ती सपा सांसद आजम खान (Azam Khan) की तबीयत फिर बिगड़ गई है। कोरोना संक्रमित आजम खान के फेफड़ों में फाइब्रोसिस और कैविटी के चलते चेस्ट इन्फेक्शन पाए जाने के बाद उनकी किडनी पर भी असर पाया गया है, उनका संबंधित इलाज शुरू कर दिया गया है। इसकी वजह से उनका ऑक्सीजन सपोर्ट 2 लीटर से बढ़ाकर 5 लीटर प्रति मिनट कर दिया गया है। उनको ICU में क्रिटिकल केयर एवं नेफ्रोलॉजी टीम की निगरानी में रखा गया है। उनकी तबियत अभी क्रिटिकल परन्तु नियंत्रण में है।