लखनऊ

UP Weather Alert: यूपी में मौसम का कहर, 24 घंटे में 111 मौतें; 37 जिलों में आंधी-तूफान और लू का अलर्ट

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से 24 घंटे में 111 लोगों की मौत हो गई, जबकि 72 घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने 37 जिलों में तेज आंधी-तूफान और बारिश तथा कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

2 min read
May 15, 2026
सांकेतिक तस्वीर पत्रिका फाइल फोटो

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटे में आंधी, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की घटनाओं में 111 लोगों की मौत हो गई। जबकि 72 लोग घायल हुए हैं। कई जिलों में मकान क्षतिग्रस्त हुए और पशुहानि भी हुई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और लू का अलर्ट जारी किया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी हादसे पर दुख जताया है।

UP Weather Alert: प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम ने अचानक विकराल रूप ले लिया। तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाओं से 26 जिलों में भारी नुकसान हुआ। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 111 लोगों की जान चली गई। जबकि 72 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 170 पशुओं की मौत हुई। 227 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

इन जिलों में सबसे अधिक हुई जनहानि

सबसे ज्यादा जनहानि प्रयागराज, मिर्जापुर, संत रविदास नगर और फतेहपुर में दर्ज की गई। प्रयागराज में 21 लोगों की मौत हुई, जबकि मिर्जापुर में 19, संत रविदास नगर में 16 और फतेहपुर में 11 लोगों ने जान गंवाई। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं।

सचेत” पोर्टल के जरिए करोड़ों लोगों को रेड और ऑरेंज अलर्ट संदेश भेजे गए

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने सभी प्रभावित जिलों के डीएम और एडीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर हालात की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित परिवारों तक जल्द राहत पहुंचाई जाए। राहत आयुक्त कार्यालय के कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनी के बाद “सचेत” पोर्टल के जरिए करोड़ों लोगों को रेड और ऑरेंज अलर्ट संदेश भेजे गए हैं। हेल्पलाइन नंबर 1070 पर भी लगातार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इधर गुरुवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग असर देखने को मिला। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलीं। जबकि बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी, उरई, प्रयागराज और आगरा में भी तेज गर्मी का असर बना रहा।

आज से बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और फतेहपुर में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्र समेत 37 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार शुक्रवार से प्रदेश में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। शनिवार से लू प्रभावित जिलों की संख्या और बढ़ सकती है।

इन जिलों में गरज- चमक के साथ बारिश, आंधी- तूफान का अलर्ट

बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर।

Also Read
View All